देश-विदेश

एनसीआर में कब होने वाली है बारिश, मौसम विज्ञानी ने बताया क्या है इसके पीछे की वजह

नई दिल्ली। जनवरी के बाद अब फरवरी माह में भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञानी ने इसके पीछे की वजह भी स्पष्ट की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक असीम कुमार मित्रा के मुताबिक इस सप्ताह दो से तीन फरवरी के बीच बरसात होगी। इसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ एक बड़ा कारण है। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से दो से चार फरवरी के बीच जहां पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है वहीं दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति को देखते हुए वैज्ञानिक ने दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस दिन 30- 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।

उसके बाद शुक्रवार को भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस बारिश की वजह से एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और जाती हुई ठंड में भी थोड़ा इजाफा होगा। उनका कहना है कि अभी ठंड से इस पूरे सप्ताह राहत मिलने के आसार नहीं है क्योंकि बरसात होने के बाद तापमान में गिरावट होगी और तापमान में भी गिरावट होगी। ऐसी स्थिति में ठंड कम होने का सवाल नहीं है। वैसे मौसम विभाग की ओर से ये बताया गया था कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा मगर कोहरा छाया रहा। आसमान साफ नहीं दिखा। ये भी कहा जा रहा था कि 26 जनवरी के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

इससे पहले रविवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 22.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हवा में नमी का स्तर 42 से 94 प्रतिशत रहा। पीतमपुरा दिल्ली का सबसे कम ठंडा इलाका रहा, जहां दिन का तापमान 23.5 और रात का 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। अब फिर से बरसात होने की वजह से इसमें भी परिवर्तन देखने को मिलेगा। दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू खत्म होने के बाद सड़क पर वाहनों की संख्या भी अधिक हो गई है जिसके कारण वायु प्रदूषण में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। धुंध की वजह से सांस के रोगियों को इससे समस्या हो रही है।

Related Articles

Back to top button