देश-विदेश

टोल टैक्स पर बदमाशों ने की तोड़फोड़, फायरिंग कर की लूटपाट

नई दिल्ली: दिल्ली-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर महेंद्रगढ़ जिले के मंडी अटेली क्षेत्र में राजस्थान व हरियाणा की सीमा पर बने टोल टैक्स पर बीती रात बदमाशों ने तोड़फोड़ करते हुए लूटपाट की। इतना ही नहीं बदमाशों ने कई राउंड फायर कर टोल पर काम करने वाले आधा दर्जन कर्मचारियों को घायल कर दिया। जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें बदमाश तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहे हैं।

जानकारी अनुसार एनएच-11 पर हरियाणा व राजस्थान की सीमा राजस्थान काठूवास में तीन महीने पहले ही टोल टैक्स बना है। जिस पर बीती रात्रि को बदमाशों ने तोड़फोड़ की। इसमें अशोक नामक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना की सूचना पाकर मांढण थाना व हरियाणा कुंड चौकी पुलिस पहुंची लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए।
अभी दोनों राज्यों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी होने के कारण कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस हिस्से में टोल प्लाजा बना हुआ है वह राजस्थान में है जबकि दूसरी तरफ हरियाणा सीमा है। वहीं जहां घटना घटी है वह हरियाणा की सीमा में है। टोल प्लाजा की घटना को देखते हुए राजस्थान की सीमा से सटे सभी कच्चे व पक्के मार्गों पर नाकाबंदी कर दी गई है। घटना की छानबीन करने में पुलिस प्रशासन गहनता से जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button