देश-विदेश

दिल्ली मेट्रो ने 26 और 29 जनवरी को अपनी सेवाओं में किस तरह का किया है परिवर्तन

नई दिल्ली। Delhi Metro Train Services: 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की परेड को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन की ओर से भी एडवायजरी जारी की गई है। मेट्रो की ओर से बताया गया कि किन स्टेशनों पर पार्किंग बंद रहेगी, किन स्टेशनों से यात्रियों का आना-जाना बंद रहेगा। परेड खत्म होने के बाद किस स्टेशन पर कितने बजे स्थिति सामान्य हो जाएगा। इसके अलावा बीटिंग रिट्रीट के समय किन स्टेशनों से प्रवेश और निकासी पर प्रतिबंध रहेगा। मेट्रो ने अपने ट्विटर हैंडल से इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

दिल्ली मेट्रो की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार येलो लाइन पर सेवाओं को बुधवार यानि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर आंशिक रूप से रोका जाएगा। केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन जैसे स्टेशनों से रात 12 बजे से ही प्रवेश और निकासी को बंद कर दिया जाएगा। बताया गया है कि दिल्ली पुलिस के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत ऐसा किया जा रहा है।

25 जनवरी को सुबह 06.00 बजे से 26 जनवरी, 2022 को दोपहर 2.00 बजे तक सभी मेट्रो पार्किंग स्थल भी बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस की ओर से मिले निर्देशों के तहत सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम भी उठाया गया है।

इसके अलावा बीटिंग रिट्रीट यानि 29 जनवरी (शनिवार) के अवसर पर येलो लाइन के केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं दोपहर 02.00 बजे से शाम 06.30 बजे तक उपलब्ध नहीं रहेंगी। हालांकि, इस अवधि के दौरान केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह और इसके विपरीत यात्रियों के इंटरचेंज की अनुमति होगी। इन स्टेशनों पर शाम साढ़े छह बजे सामान्य सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

Related Articles

Back to top button