उत्तराखंड समाचार

दून की लक्ष्मी के आंगन में एक साथ गूंजीं तीन किलकारियां

देहरादून : राजधानी देहरादून के अपर नत्थनपुर निवासी हेमंत यादव के आंगन में उसवक्त खुशनुमा माहौल बन गया। जब तीन किलकारियां एक साथ गूंजीं। उनकी पत्नी लक्ष्मी ने तीन बच्चों को जन्म दिया। इनमें से एक शिशु का वजन थोड़ा कम होने की वजह से वार्ड में रखा गया है। जबकि मां व अन्य दो बच्चे वार्ड में भर्ती हैं।

नत्थनपुर निवासी हेमंत (32 वर्ष) की पत्नी लक्ष्मी (29 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने पर दून महिला अस्पताल लाया गया। वह सुबह तकरीबन साढ़े नौ बजे अस्पताल पहुंचीं। डॉक्टरों ने महिला का चेकअप किया और प्रसव के लिए लेबर रूम ले गए। करीब साढ़े 10 बजे महिला ने तीन शिशुओं को जन्म दिया। खास बात यह है कि तीनों बच्चे नॉर्मल डिलीवरी से हुए हैं।

वहीं महिला की सामान्य डिलीवरी होने से अस्पताल के डॉक्टरों ने भी राहत की सांस ली। बताया गया कि पूर्व में हुई जांच के दौरान डॉक्टरों ने जुड़वा बच्चे होने की बात कही थी।

लक्ष्मी के तीन बच्चों में दो लड़कियां व एक लड़का है। एक लड़की का वजन कुछ कम होने की वजह से उसे फिलहाल निक्कू वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। यादव दंपती की पहले से एक बेटी है, जो अब चार साल की हो चुकी है। तीन लड़कियों व एक लड़के के पिता हेमंत देहरादून में ही प्राइवेट नौकरी करते हैं।

Related Articles

Back to top button