देश-विदेश

यूक्रेन के ओडेसा में फंसे हैं दो हजार भारतीय छात्र, सुबह से हो रही बमबारी

नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस के बीच बन रहे युद्ध के हालात के कारण कई भारतीय चिंतिंत हैं। यूक्रेन के ओडेसा शहर में सड़कों पर टैंक दौड़ रहे हैं।

वहीं, ओडेसा शहर की ओडेसा राष्ट्रीय चिकित्सा विश्वविद्यालय में अभी भी करीब दो हजार भारतीय विद्यार्थी फंसे हुए हैं। यहां पर रूस की सेना ने ब्लैक सी के रास्ते सुबह बमबारी की। 20 फरवरी को वहां से लौटे रोहिणी सेक्टर पांच के शशांक शर्मा ने बताया कि वह वहां पर डाक्टरी की पढ़ाई कर रहे हैं।

यूक्रेन में फंसे हैं कई छात्र

अभी भी वहां पर विद्यार्थी इसलिए फंसे हुए हैं, क्योंकि विश्वविद्यालय की ओर से पहली ही पढ़ाई आनलाइन करने की अनुमति नहीं दी गई थी। हालांकि, विद्यार्थी इसकी मांग कर रहे थे। अगर उनकी पढ़ाई आनलाइन कर दी जाती तो वह भारत आकर पढ़ाई कर सकते थे। तनाव के चरम पर पहुंचने के बाद अब जाकर उनकी पढ़ाई आनलाइन कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को दोपहर एक बजे (भारतीय समय के अनुसार) जब वहां पर धमाके हो रहे थे तब भी उनकी आनलाइन कक्षा जारी थी। शशांक का कहना है कि कीव स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसलिए छात्र दूतावास के बाहर खड़े हैं। इसके अलावा एयर इंडिया की जो टिकट पहले 28 हजार रुपये की होती थी वो बढ़ाकर 62 हजार तक कर दी गई थी। फिलहाल शहर में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। विद्यार्थी खाने का सामान इकट्ठा करने में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button