देश-विदेश

वीजा लगवा देने का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने वीजा लगवा देने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद वह 18 सालों से फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिबेश सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपित का नाम करनैल सिंह है। वह कपूरथला, पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में तिलक नगर दिल्ली में रह रहा था। इसके खिलाफ वीजा रैकेट से संबंधित दिल्ली एयरपोर्ट पर दो व पंजाब में एक मामला दर्ज है। वह नियमित अंतराल पर अपने पते बदलते रहता था। तिलक नगर हाउस उसका छठा ठिकाना था।

22 फरवरी को इंस्पेक्टर अनिल शर्मा के नेतृत्व में एसआई महाबीर सिंह, एएसआई बृजलाल, मुकेश कुमार, बलबीर, हवलदार धर्मराज की टीम ने करनैल को तिलक नगर से गिरफ्तार किया। करनैल ने साथियों के साथ मिलकर पंजाब के रहने वाले जीत सिंह को स्विट्जरलैंड का वीजा लगवा देने के बहाने 5.5 लाख रुपये ठग लिया था।

सितंबर 2003 में जीत सिंह ने पंजाब के फगवाड़ा में करनैल सिंह से मुलाकात की थी। करनैल ने जीत सिंह को स्विट्जरलैंड में रोजगार दिलाने का झांसा दिया था। वहां भेजने के लिए वीजा के लिए उसे 5.5 लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा था। रुपये लेने के बाद करनैल सिंह फरार हो गया था। जिसके बाद जीत ने उसके खिलाफ फगवाड़ा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करा दिया था।

पूछताछ में करनैल ने बताया कि वह 20 साल से वीजा रैकेट में सक्रिय था। उसने तीन महिलाओं से शादी की है, जिनमें एक पत्नी फगवाड़ा और दो दिल्ली में रहती हैं। वह पहले आईजीआई हवाई अड्डे पर एक ट्रैवल एजेंट के साथ काम करता था और वीजा की तलाश करने वाले लोगों को अपने जाल में फंसा उनसे ठगी करने लगा था।

Related Articles

Back to top button