
लखनऊ। केशव प्रसाद मौर्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) द्वारा ₹14,447.64 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) और वाराणसी रिंग रोड के बीच 6-लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी दिया जाना पूर्वांचल, विशेषकर काशी के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं मील का पत्थर साबित होगा।
लगभग 46.039 किलोमीटर लंबे इस 6-लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच तेज, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। इसके निर्माण से शहर के भीतर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से आम नागरिकों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी तथा यात्रा का समय भी उल्लेखनीय रूप से कम होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अत्याधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसके अंतर्गत केबल-स्टे ब्रिज, एक्स्ट्राडोज्ड फुट ओवर ब्रिज, रैंप, लूप, सर्विस रोड तथा अन्य आधुनिक संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे गंगा तटवर्ती क्षेत्रों सहित पूरे वाराणसी महानगर की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।
श्री मौर्य ने कहा कि यह परियोजना हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (Hybrid Annuity Model) के तहत विकसित की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना से वाराणसी में यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी, प्रदूषण एवं ईंधन की खपत में कमी आएगी तथा व्यापार, उद्योग, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ मिलेगा।
UK News