Friday , August 21 2026

इमरान खान की आधी रात शिफा अस्पताल में जांच: 6 डॉक्टरों की टीम ने किया मेडिकल चेकअप, कड़ी सुरक्षा में वापस जेल लौटे

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई (PTI) संस्थापक इमरान खान की सेहत को लेकर एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है। 73 वर्षीय इमरान खान को आधी रात के समय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रावलपिड की अडियाला जेल से निकालकर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया।

6 डॉक्टरों की टीम ने किया मेडिकल चेकअप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिफा अस्पताल में डॉक्टरों की 6 सदस्यीय टीम ने इमरान खान का विस्तृत मेडिकल चेकअप किया। अस्पताल में जरूरी जांच और चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें वापस कड़ी सुरक्षा के बीच अडियाला जेल भेज दिया गया।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक आदेश में इमरान खान को इलाज के लिए अस्पताल भेजने और एक निश्चित तारीख तक अस्पताल में रखने का निर्देश दिया था। वहीं, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा है कि यदि देश की सरकारी चिकित्सा सुविधाओं में पर्याप्त देखभाल उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो सरकार इमरान खान को बेहतर इलाज के लिए विदेश भेजने के विकल्पों पर भी विचार कर सकती है।

परिवार और पार्टी जताती रही है सेहत को लेकर चिंता

पीटीआई पार्टी और इमरान खान का परिवार लंबे समय से उनकी खराब सेहत और जेल में मिल रही सुविधाओं को लेकर चिंता जाहिर करता रहा है। पार्टी प्रवक्ताओं का कहना है कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार जब तक उनकी सेहत पूरी तरह स्थिर नहीं हो जाती, तब तक उन्हें उचित चिकित्सीय निगरानी में रखा जाना चाहिए।

गौरतलब है कि अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से बेदखल होने के बाद से इमरान खान अगस्त 2023 से विभिन्न मामलों में जेल में बंद हैं। उनके वकीलों का यह भी दावा है कि जेल की सलाखों के पीछे रहने के दौरान उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी प्रभावित हुई है, जिसके चलते उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों में भी लगातार चिंता बनी हुई है।