उत्तर प्रदेश

गोवंश को धूप व लू से बचाने हेतु गोशालाओं में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए: धर्मपाल सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां विधान भवन स्थित कार्यालय कक्ष में निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण हेतु भूसा संग्रहण के लिये 20 अप्रैल से चलाये जा रहे एक माह के विशेष अभियान की आज समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि भूसा अभियान की सफलता के लिये प्रत्येक मंडल में अपर निदेशक स्तर का अधिकारी नामित किया जाये और उनके द्वारा अपने मंडल के अधीन हर जनपद में भूसा संग्रहण की प्रतिदिन समीक्षा कर उसकी रिपोर्ट मुख्यालय उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों हेतु भूसा संग्रहण कार्यों में उदासीनता या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।
पशुधन मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि भूसा टेन्डर की प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी की जाये और भूसा भण्डारण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। पशुधन मंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर से अधिक से अधिक भूसा क्रय किया जाये। भूसा हेतु दान दाताओं एवं समाज सेवियों का भी सहयोग लिया जाए। भूसा संग्रहण हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए ताकि गोशालाओं में वर्ष पर्यन्त चारे-भूसे की कमी न होने पाये और गोवंश की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किये जाएं।
श्री धर्मपाल ने कहा कि गर्मी के दृष्टिगत गोशालाओं का रख-रखाव व्यवस्थित तरीके से किया जाए और गोवंश को धूप व लू से बचाने हेतु त्रिपाल, टाट व अन्य माध्यमों से शेड की व्यवस्था की जाये और स्वच्छ पानी, बिजली, हरा चारा और पर्याप्त औषधियांे की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं गोशालाओं में छाया के दृष्टिगत पीपल, पाकड़, नीम आदि का वृक्षारोपण भी कराया जाए।
उन्होंने कहा कि गो आश्रय स्थल पर चारे की कोई कमी न होने पाये और चारागाह पर हरा चारा भी पर्याप्त मात्रा में उगाया जाय। उन्होंने कहा कि गो संरक्षण केन्द्रों में शत-प्रतिशत ईयर टैंिगंग का कार्य पूर्ण किया जाए। श्री धर्मपाल सिंह ने पशु सेवा हेतु मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट्स का निर्धारित रूट पर नियमित रूप से संचालन करने और इस सेवा का अधिकाधिक लाभ किसानों एवं पशुपालकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संचारी रोगांें के दृष्टिगत टीकाकरण का कार्य भी ससमय सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विशेष सचिव, पशुधन, श्री देवेन्द्र पान्डे ने मंत्री जी को भूसा संग्रहण एवं गोशालाओं में आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया और आश्वस्त किया कि उनसे प्राप्त निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। बैठक में पशुपालन विभाग के निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डा0 तरूण कुमार तिवारी, अपर निदेशक गोधन डा0 राजेश कुमार तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button