देश-विदेश

अनुराग सिंह ठाकुर ने बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी) 2022 के लिए भारतीय टीम के प्रस्थान समारोह में भाग लिया

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज नई दिल्ली में बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी) 2022 के लिए भारतीय टीम के प्रस्‍थान समारोह में भाग लिया। इस समारोह का आयोजन भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा किया गया, जो भारत में ओलंपिक खेलों के लिए शासी निकाय या संचालक मंडल है।

अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों में श्री निसिथ प्रमाणिक, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं एमवाईएएस, भारत सरकार; श्री संदीप प्रधान, महानिदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण और श्री अनिल खन्ना, कार्यवाहक अध्यक्ष, आईओए शामिल थे।

टोक्यो 2020 ओलंपिक के पदक विजेता बजरंग पुनिया, पीआर श्रीजेश, मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह और लवलीना बोरगोहेन 215 खिलाडि़यों की मजबूत टीम की ओर से इस समारोह में मौजूद कुछ स्टार सदस्य थे। इस अवसर पर उपस्थित कुछ अन्य प्रमुख खिलाडि़यों में ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, स्प्रिंट स्टार दुती चंद एवं हिमा दास, एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता शिव थापा एवं मुक्केबाज अमित पंघाल, इत्‍यादि शामिल थे।

इस समारोह में टीम के लिए आधिकारिक किट का अनावरण भी किया गया।  आईओए ने जेएसडब्ल्यू इंस्पायर से करार किया है, जो यात्रा और खेल किट के लिए किटिंग पार्टनर के रूप में टीम के प्रमुख प्रायोजक भी हैं। मान्यवर को औपचारिक किटिंग पार्टनर के रूप में शामिल किया गया है, जबकि एडिडास इस टीम के आधिकारिक प्रदर्शन फुटवियर पार्टनर है।

मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, ‘आज हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और अथक प्रयासों से भारतीय खेल विश्व स्तर पर एक उच्च मुकाम पर पहुंच गया है। पिछले साल के ओलंपिक गेम्‍स में प्रदर्शन हमारा अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था और हमने हाल के महीनों में विभिन्‍न खेलों में अपने खिलाडि़यों के प्रदर्शन में बेहतरीन सुधार को अपनी आंखों से देखा है। थॉमस कप की ऐतिहासिक जीत ऐसा ही एक शानदार अवसर था।’

उन्होंने यह भी कहा, ‘यह भारतीय राष्ट्रमंडल खेल टीम निश्चित रूप से हमारी अब तक की सबसे अच्छी एवं सबसे मजबूत टीम है और मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे सभी खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर भारत को फिर से गौरवान्वित करेंगे, चाहे वे जितने भी पदक जीतें। हम सभी को उन पर गर्व है और पूरा देश निरंतर उनके साथ रहेगा, चाहे जीत हो या हार। हम आप सभी को शुभकामनाएं देते हैं।’

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि वह इस बात से अत्‍यंत प्रसन्‍न हैं कि राष्ट्रमंडल खेल टीम ने महिला-पुरुष संतुलन हासिल कर लिया है, जिसमें 108 पुरुष खिलाड़ी और 107 महिला खिलाड़ी हैं।

अपने संबोधन में आईओए के महासचिव श्री राजीव मेहता ने कहा, ‘हम अपनी टीम के मजबूत प्रदर्शन के प्रति आश्वस्त हैं। उनका प्रशिक्षण और तैयारी शीर्ष श्रेणी की रही है और भारत सरकार और खेल मंत्रालय ने यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है कि हम बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। मैं विनम्रतापूर्वक उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं और अपने सभी खिलाड़ि‍यों, कोचों और सहयोगी स्टाफ के लिए इस खेल के बेहद सफल होने की कामना करता हूं।’

श्री मेहता ने बर्मिंघम खेल में पदक जीतने वाले एथलीटों के लिए आईओए की ओर से पुरस्कार राशि की भी घोषणा की। स्वर्ण विजेताओं को 20,00,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि रजत विजेताओं के लिए 10,00,000 रुपये तय किए गए हैं। कांस्य पदक विजेताओं को 7,50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button