उत्तर प्रदेश

नये पेराई सत्र 2019-20 में मुख्यमंत्री जी द्वारा किसान सहकारी चीनी मिल, रमाला (बागपत) के क्षमता विस्तारीकरण एवं पेराई कार्य का किया जायेगा शुभारम्भ

लखनऊ: प्रदेश के गन्ना मंत्री, श्री सुरेश राणा के अनुरोध पर मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा रमाला चीनी मिल की बढी हुई क्षमता के लोकार्पण एवं पेराई कार्य प्रारम्भ करने हेतु सहमति प्रदान की गयी है। उल्लेखनीय है कि, गन्ना किसानों की गन्ना आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रदेश की सहकारी क्षेत्र की चीनी मिल रमाला (बागपत) की पेराई क्षमता को 2500 टी.सी.डी. से बढाकर 5000टी.सी.डी. तक विस्तारित करते हुए 27 मेगावाट क्षमता के बिजली उत्पादन संयंत्र की भी स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा समस्त ट््रायल आदि किये जा चुके हैं। पेराई सत्र 2019-20 में चीनी मिल, रमाला द्वारा बढी हुई क्षमता पर पेराई कार्य किया जायेगा, जिससे क्षेत्र के लगभग 35000 हजार गन्ना किसानों को अपना गन्ना आपूर्ति करने में सुविधा होगी, साथ ही बढी हुई क्षमता से चीनी मिल द्वारा लगभग 90 लाख कुन्टल गन्ना पेरा जायेगा और लगभग 9.5 लाख कुन्टल चीनी का उत्पादन होगा और इससे लगभग 2500 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होगा। मिल की बढी हुई क्षमता गन्ना बाहुल्य क्षेत्र रमाला में गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि बढाने एवं गन्ना किसानों की आय दोगुनी करने में सार्थक सिद्ध होगी।

प्रमुख सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग, श्री संजय आर. भूसरेड्डी ने उक्त जानकारी देते हुए आज यहां बताया कि, मुख्यमंत्री जी के कर कमलों से दिनांक 04.11.2019 को 12.00 बजे रमाला, चीनी मिल के क्षमता विस्तारीकरण का लोकार्पण एवं पेराई कार्य का शुभारम्भ किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button