उत्तर प्रदेश

कल्याण सिंह के निधन पर यूपी में 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, सीएम योगी ने की ये घोषणा

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और हिमाचल व राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का 89 की उम्र में शनिवार रात निधन हो गया। लंबे समय से उनकी तबीयत खराब थी। उनकी सेहत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार नजर बनाए हुए थे, शनिवार को योगी अपने दौरे रदृद कर दो बार उनसे मिलने पहुंचे।

कल्याण सिंह के निधन के बाद सीएम योगी ने मीडिया से कहा, विगत दो माह से कल्याण जी अस्वस्थ थे। आज रात्रि में सवा नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री, एक जननेता के रूप में उन्होंने शासन में शुचिता, दृढ़ता, मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपने कार्यकाल के दौरान जो आदर्श प्रस्तुत किए, वो आज के मानक बने हुए हैं। श्री राम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन के वे अग्रणी नेता थे।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के इस पावन स्थल पर मंदिर का निर्माण आगे बढ़े, इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर सत्ता छोड़ने में भी उन्हें कोई संकोच नहीं हुआ। 6 दिसंबर 1992 को निर्माणाधीन ढांचा गिरने के बाद सत्ता छोड़कर इस बात की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

माननीय कल्याण जी का जाना न केवल जनता, बल्कि भारतीय राजनीति और भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं।

योगी ने कहा, कल सुबह हमारी कैबिनेट की बैठक होगी। शोक प्रस्ताव पारित होने के साथ ही कल्याण सिंह जी के योगदान पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा होगी। परसों सांयकाल नरोरा में गंगाजी के तट पर अंतिम संस्कार की कार्यवाही संपन्न होगी।

23 अगस्त को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिससे हर व्यक्ति दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर सके। योगी ने कहा, एक ऐसा व्यक्तित्व, जिसने संघर्षों से राह बनाकर आमजन के लिए जीवन समर्पित किया, उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।

योगी ने कहा, पार्थिव देह को लेकर हम आवास पर पहुंच रहे हैं। कल सुबह आवास, फिर विधान भवन और बाद में पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। कल अलीगढ़ में स्टेडियम में उनके पार्थिव देह को लेकर जाएंगे। परसों उनकी जन्मभूमि अतरौली में जनता दर्शन के लिए उनका भव्य देह रखा जाएगा। उसके बाद नरौरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। योगी ने कहा, उत्तर प्रदेश के लिए उन्होंने जो सपना देखा था, उसे पूरा करने में हम अपनी ताकत लगा देंगे।

Related Articles

Back to top button