उत्तर प्रदेश

पैतृक गांव अतरौली लाया गया कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर, अंतिम संस्कार शाम 5 बजे

राम मंदिर आंदोलन के प्रणेता और भारत की राजनीति में दृढ़ता, पारदर्शिता, आर्दश व मूल्य की प्रतिकृति, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को उनकी कर्मभूमि अलीगढ़ से उनकी जन्मभूमि पैतृक गांव अतरौली लाया गया है। अब उनके गांव में लोग अपने जनप्रिय नेता का अंतिम दर्शन करेंगे।

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार बुलंदशहर जनपद के नरौरा में गंगा तट पर बासी घाट पर आज शाम 5 बजे किया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। प्रशासन ने अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली है।

इसके पहले गृहमंत्री अमित शाह अलीगढ़ के अतरौली पहुंचकर अहिल्या बाई स्टेडियम में कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इतना ही नहीं वे उनके अंतिम यात्रा में शामिल होकर नरौरा भी जाएंगे। अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती समेत तमाम केंद्रीय व प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक व नेता शामिल रहेंगे।

रविवार को उनके पार्थिव देह को एयर एंबुलेंस से लखनऊ से अलीगढ़ के धनीपुर एयरपोर्ट लाया गया था जहां से अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम ले जाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सतत निगरानी में यहां पर लोग कल्याण सिंह की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन कर रहे थे। प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही, भाजपा नेता संतोष गंगवार व मेयर मोहम्मद फुरकान ने पूर्व मख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धासुमन किया।

डिस्क्लेमरः यह नवोदय टाइम्स से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ यूके न्यूज 360 टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Related Articles

Back to top button