उत्तर प्रदेश

छात्र-छात्राओं को भविष्य में रोजगार मिल सकें, इसके लिये सरकार ने कड़े कदम उठायें हैं: उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा

लखनऊ: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने आर0बी0एस0 इण्टर कॉलेज परिसर में आयोजित 65वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2019 में मुख्य अतिथि के तौर पर छात्र-छात्राओं द्वारा लगायी गई “शैक्षिक नवाचार प्रदर्शनी“ का शुभारम्भ किया। उप मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान छात्र-छात्राओं से उनके उत्कृष्ट प्रोजेक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए उनके सार्थक प्रयास की सराहना की और उन्हें जीवन की नई ऊंचाईयां हासिल करने की शुभकामना भी दी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पठन-पाठन की प्रक्रिया को बढ़ाते हुए शारीरिक स्वास्थ्य को अच्छे रखने की प्रवृत्ति की ओर बढ़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नई संस्कृति विकसित हुई है कि अन्तर विद्यालयीय खेल-कूद प्रतियोगिता तथा विभिन्न प्रकार के निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। माध्यमिक विद्यालयों में एन0सी0ई0आर0टी0 के कोर्स को लागू किया गया है। आनलाईन अध्यापकों का स्थानान्तरण कर उनकी समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नकल विहीन परीक्षा हो और छात्र-छात्राओं को भविष्य में रोजगार मिल सकें, इसके लिये सरकार ने कड़े कदम उठायें हैं। नित्य-प्रतिदिन माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हो रहें हैं और इसकी मुख्य वजह यह है कि हमारे विद्यार्थी, अध्यापक व अधिकारी संयुक्त रूप से प्रयत्नशील हैं।

उप मुख्यमंत्री जी ने विद्यालयों से समय से पढ़ाई, समय से परीक्षा, मूल्यांकन एवं परिणाम का जो सपना सरकार ने देखा है, उसे साकार करने की अपेक्षा की। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई ऊंचाइयों को छुयें। अध्ययन व अध्यापन में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आज से 03 वर्ष पहले ढाई महीने तक हाईस्कूल व इण्टर की परीक्षा होती थी, जो अब 14-15 दिन में समाप्त हो जाती है। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा जो छात्र-छात्रायें प्रदेश में अंक तालिका में प्रथम 10 स्थान हासिल करते हैं, उन्हें रू0 एक लाख एवं लैपटाप दिया जा रहा है। इसके साथ ही मेधावी छात्र जहॉ पर रहता है, वहां पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क बनाई जायेगी। मेधावी छात्र के नाम से शीलापट्ट लगा होगा, जिससे उसके बारे में पूरा क्षेत्र जान सकें।

इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रस्तुत किया गया, जिसकी थीम “मैं रहूँ या न रहूँ……….देश रहना चाहिए“ थी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति के विविध रूपों एवं भारतीय संस्कृति की सहिष्णुता को छात्र-छात्राओं ने अपने नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। मा0 उप मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रदेश के राज्यमंत्री समाज कल्याण डा0 जी0एस0 धर्मेश, सांसद प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल, विधायकगण श्री महेश गोयल एवं श्री राम प्रताप चैहान, जिलाध्यक्ष श्री श्याम भदौरिया, महानगर अध्यक्ष श्री विजय शिवहरे, सदस्य, उ0प्र0 राज्य महिला आयोग श्रीमती निर्मला दीक्षित, ए0डी0एम0 सिटी डा0 प्रभाकान्त अवस्थी, एस0पी0 सिटी श्री रोहन बोत्रे एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक डा0 मुकेश चन्द्र सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button