इंटरकॉन्टिनेंटल होटल पर आतंकी हमले में 5 की मौत
काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित पांच सितारा इंटरकॉन्टिनेंटल होटल में घुसे सभी आतंकियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि होटल में तीन आतंकी थे और तीनों को ही मार गिराया गया। हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। मारे गए लोगों में एक विदेशी नागरिक भी शामिल है। 12 घंटे तक ऑपरेशन चला। सुरक्षा बलों ने होटल से 120 से अधिक लोगों सुरक्षित बचाया है। इनमें अधिकतर विदेशी नागरिक हैं। आतंकियों ने शनिवार शाम इस लग्जरी होटल पर हमला बोल दिया था। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और मेहमानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। होटल के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी। वहीं कुछ लोगों को बंधक भी बना लिया। बचने के लिए लोगों को होटल के छज्जे से कूदते हुए भी देखा गया। अफगान गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया था कि सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों से बचकर आए एक युवक ने बताया कि 15 से अधिक लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हैं। हमले में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले में बचे एक युवक ने बताया कि हमलावर लोगों को होटल की ऊपर की मंजिलों से नीचे फेंक रहे थे। उसने बताया कि उसने होटल के बाहर चार शव देखे हैं, साथ ही उसने बताया कि हमलावर ‘अल्लाह हू अकबरÓ के नारे लगा रहे थे।