उत्तराखंड विकास खण्डउत्तराखंड समाचार

सरोवर नगरी में मौसम का पहला हिमपात

नैनीताल। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद सरोवर नगरी में मौसम का पहला हिमपात हो गया है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। उस बर्फबारी से काश्तकारों में भी खुशी है।बर्फबारी से जहां नगर में पूर्व से ठहरे सैलनियों को बर्फबारी का तोहफा मिला है। वहीं सूचना के बाद मैदानी क्षेत्रों से भी सैलानियों यहां की ओर रुख किया। हिमालय दर्शन में सैलानियों की भीड़ देखी गयी।
बता दें कि बीते कई दिनों से नगर का मौसम साफ था और धूप खिली हुई थी। चटख धूप से बर्फ की संभावनाएं भी नहीं दिख रही थी। बीते दिवस अचानक मौसम ने करवट बदली और बादल छाने लगे। सायं को वर्षा व ओलावृष्टि शुरू हो गयी थी। जिसे देखते हुए बर्फबारी की संभावनाएं बलवती हो गयी थी। रात्रि में ऊपरी क्षेत्रोँ में बर्फबारी हुई। निचले क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ बर्फ के फाहे पड़े। सुबह लोगों की जाग खुली तो यहां की पहाड़ियां बर्फ से ढकी हुई थी। बर्फ से ढके हरे पेड़ भी सफेद दिखाई दे रहे थे। हालांकि सुबह धूप खिलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। जिनसे निचले क्षेत्रों में बर्फ भी पिघलने लगी। सुबह हिमालय दर्शन व स्नोव्यू क्षेत्र में लोगों की भीड़ देखी गयी। एक ओर यहां ठहरे सैलानियों ने हिमालय दर्शन की ओर रुख किया वहीं दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों के लोग भी बर्फ देखने यहां पहुंचने लगे। फोटोग्राफी के शौकीन भी सुबह ही हिमालय दर्शन पहुंच गए थे। लोगों ने जमकर फोटोग्राफी की व सेल्फी भी ली। पर्यटन कारोबारी भी बर्फ से खुश है। बता दें कि अभी कई दिनों तक हिमालय दर्शन में बर्फ रहेगी। बर्फ देखने के लिए लोगों का भी यहीं जमावड़ा रहेगा। जिससे हिमालय दर्शन के कारोबारी ज्यादा खुश है। समीपवर्ती मुक्तेश्वर में भी अच्छी बर्फबारी हुई। बता दें बीते दिवस 6 व 7 जनवरी को बर्फबारी हुई जो लगभग 2 इंच तक थी। इस बर्फबारी से अब जल्द ही दूसरी बर्फबारी की आस जगी है।
मुक्तेश्वर क्षेत्र में इस बार मौसम का पहला हिमपात किसानों के लिए खुशियां लेकर आया है। सेब की खेती के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र में बर्फबारी से किसानों को बड़ी राहत मिली है।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन व बागवानी की दृष्टि से मुक्तेश्वर क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में पिछले एक माह से बारिश व बर्फबारी नहीं होने से लोग काफी निराश हो गए थे। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ देरी से आने के कारण क्षेत्र में अच्छी बर्फबारी से लोगों को काफी राहत मिली है। सेब समेत तमाम फलों के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र में इसबार किसानों को पैदावार की अच्छी उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र के पर्यटक स्थलों में सैलानियों के पहुंचने की भी उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button