राजनीति

उत्‍तराखंड: भाजपा की मंशा गैरसैंण बने ग्रीष्मकालीन राजधानी

देहरादून : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के देहरादून दौरे से ऐन पहले राज्य में गैरसैंण को लेकर सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा ने साफ किया कि उसकी मंशा गैरसैंण को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की है। साथ ही कांग्रेस को इस बात के लिए घेरा कि पांच साल तक लगातार मांग उठाने के बाद भी उसने गैरसैंण मामले में जनभावनाओं की अनदेखी की।

गैरसैण, उत्तराखंड आंदोलनकारियों की भावना का केंद्र था, लेकिन राज्य बनने के बाद इसे राजधानी घोषित करने की बजाए देहरादून को अस्थायी राजधानी बना दिया गया। हालांकि, पिछली सरकारों के कार्यकाल में गैरसैंण में राजधानी बनाने के मद्देनजर विस भवन समेत अन्य अवस्थापना सुविधाएं जुटाई गई हैं, लेकिन प्रदेश में सत्तासीन रहे प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस ने गैरसैंण को लेकर सियासत ही की।

अब फिर से यह मसला सुर्खियों में है। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के गैरसैंण के संबंध में फैसला लेने की उठाई गई मांग पर भाजपा ने हमलावर तेवर अख्तियार किए हैं। प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि कुंजवाल ने इस विषय में उत्तराखंड के साथ मजाक किया। कांग्रेस शासनकाल में भाजपा लगातार गैरसैंण पर सवाल पूछती रही, लेकिन कुंजवाल टालते रहे।

भट्ट ने कहा कि भाजपा की मंशा गैरसैण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की है। वहीं, काबीना मंत्री एवं शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस बयानवीर है। कहीं जनता उसकी कमाई का हिसाब न पूछ बैठे, इसीलिए वह गैरसैंण का राग अलाप रही है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण सरकार की प्रतिबद्धता व प्राथमिकता है और समय आने पर माकूल निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button