Uncategorizedउत्तराखंड समाचार

पाक हिंदुओं ने की भारत-पाक के बीच एकता की कामना

हरिद्वार : धर्मनगरी आए पाकिस्तानी हिंदुओं के 94 सदस्यीय दल ने गुरुवार को दूसरे दिन संत शदाणी घाट पर गंगा स्नान कर काष्र्णि घाट तक कांवड़ शोभायात्रा निकाली। इस दौरान वे गंगा मैया की जय-जयकार के साथ दोनों देशों के बीच एकता एवं सौहार्द की कामना कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने संत शदाणी घाट पर पौधे भी रोपे।

पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आए हिंदुओं ने सुबह नित्य क्रियाओं के बाद संत शताणी दरबार के नवम पीठाधीश्वर संत युधिष्ठिर लाल शदाणी से आशीर्वाद लिया। साथ ही दरबार में आयोजित योग शिविर में विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इसके बाद दल के सदस्य संत शदाणी घाट पहुंचे और वहां शदाणी दरबार व शांति कुंज के संयुक्त प्रयास से घाट पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

संत युधिष्ठिर लाल ने आठ पौधे लगाकर पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया और फिर जत्थे में शामिल लोगों ने पौधे लगाए। सभी ने पौधरोपण को प्रकृति की सच्ची सेवा बताते हुए कहा कि पौधरोपण से प्रकृति का संरक्षण ही नहीं, मानव जीवन भी सुरक्षित एवं सुखमय होता है। पौधरोपण कार्यक्रम में संत शदाणी दरबार के सेवादार अमर लाल शदाणी के अलावा शांति कुंज से जयराम तोतलानी, आंबेकर आदि उपस्थित थे।

कांवड़ शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

भूपतवाला स्थित संत शदाणी दरबार से जब पाक हिंदुओं के जत्थे ने सिंधु नदी से लाए जल के साथ गंगा जल लेकर कांवड़ शोभायात्रा निकाली तो स्थानीय लोगों ने उसका जगह-जगह स्वागत किया। कांवड़ शोभायात्रा में शामिल पाक हिंदू बम-बम भोले के उद्घोष के साथ गंगा मैया की जय-जयकार कर रहे थे।

काष्र्णि घाट पहुंचकर सभी ने मंदिर में जलाभिषेक किया और लौटते हुए भारत माता मंदिर में भी मत्था टेका। कांवड़ यात्रा में चंदू दास, चंदर मल, सुखमन दास, नानक लाल, सागर कुमार, विशाल, रोशन लाल, रेजहु राम, धीरू राम, शरण कुमार, रवि कुमार, किरण देवी, रिंकल, लता, रत्नाबाई आदि पाक हिंदू शामिल थे।

 

Related Articles

Back to top button