उत्तर प्रदेश

दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर परिवहन निगम के चालकों एवं परिचालकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि: दयाशंकर सिंह

लखनऊ: दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की आवागमन पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराये जाने के लिए परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन निगम ने दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए निगम के चालक परिचालक कार्यशाला कार्मिक एवं सुपरवाईजर्स के लिए प्रोत्साहन योजना जारी किया है।
उन्होंने कहा कि पर्व की अवधि में यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार समस्त मार्गों पर संचालन की अनुमति सभी क्षेत्रों को प्रदान की गयी है। इस अवधि में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश भी सीमित किये गये है। प्रमुख बस स्टेशन पर सुपरवाईजर्स की भी तैनाती किये जाने, समस्त सेवाओं पर ई.टी.एम. उपलब्ध रखे जाने तथा बसों को ऑनरोड करने के निर्देश भी दिये गये।
उन्हांेंने बताया कि प्रोत्साहन योजना की अवधि दिनांक 22 से 31 अक्टूबर 2022 होगी। 10 दिन ड्यूटी करने वाले चालक परिचालक को रू. 400 प्रतिदिन की दर से रू0 4000 एवं 9 दिन ड्यूटी करने वाले चालक परिचालक को रू0 350 प्रतिदिन की दर से रू0 3150 का भुगतान एक मुश्त किया जायेगा। न्यूनतम दैनिक किलो मीटर 300 संचालित करने पर प्रोत्साहन देय होगा।
उन्होंने कहा कि निर्धारित मानक से अधिक किलो मीटर अर्जित करने पर 55 पैसा प्रति किलो मीटर की दर से अतिरिक्त मानदेय देय होगा। कार्यशाला कर्मचारियों को 10 दिन तक बिना अवकाश लिए कार्य करने पर रू0 1200 तथा 9 दिन पर रू0 1000 की दर से प्रोत्साहन देय होगा। समस्त क्षेत्रीय प्रबन्धक को रू0 10000 की धनराशि अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं उपाधिकारियों को प्रोत्साहन स्वरूप वितरित किये जाने एवं डिपो स्तर पर रू0 50 प्रति बस के आधार पर आगणित धनराशि डिपो कार्मिकों एवं उपाधिकारियों को वितरित किये जाने की अनुमति प्रदान की गयी है।
मंत्री जी ने कहा कि गाजियाबाद, मुरादाबाद, लखनऊ, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, कानपुर एवं इटावा के प्रमुख बस स्टेशन हेतु रू0 5000 प्रति स्टेशन की दर से धनराशि स्वीकृत की गयी है, जिससे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को भुगतान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर सर्वाधिक लोड फैक्टर, बस उपयोगिता, आय प्रति किलो मीटर एवं डीजल औसत प्राप्त करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबन्धक एवं सेवा प्रबन्धक तथा 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक को निगम प्रबन्ध द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा।
परिवहन मंत्री ने आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए परिवहन निगम द्वारा सुरक्षित यात्रा सुविधा प्रदान करने की प्रतिबद्धता अवगत करायी गई।

Related Articles

Back to top button