उत्तराखंड विकास खण्डउत्तराखंड समाचार

वित्तीय वर्ष 2018-19 के बजट के लिए वित्त मंत्री ने फेसबुक के जरिए जनता के मांगे सुझाव

देहरादून। माननीय वित्त मंत्री प्रकाश पन्त ने फेसबुक लाइव के माध्यम से जनता से लगभग 2 घंटे तक संवाद करके आने वाले वित्तीय वर्ष 2018-19 के बजट के लिए सुझाव मागें, जिसमें लोगों ने अपने सुझाव व शिकायतें मंत्री के सम्मुख रखे। फेसबुक लाईव में लगभग 10,335 लोग जुड़े जिन्होंने मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी और 2535 जन शिकायतों के जवाब मा0 मंत्री जी ने दिये। शेष शिकायतों का शीघ्र ही संज्ञान लिया जायेगा और उपयुक्त सुझावों के लिए मंत्री ने जनता को धन्यवाद दिया।
वित्त मंत्री जी का मानना है कि आज का युग सोशल मीडिया का है जिसके माध्यम से जन सामान्य अपनी बात को उच्च अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों तक पहुंचा सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने राज्य की जनता से सीधे संवाद करने के लिए फेसबुक को चुना है। इससे पहले भी मंत्री ने दो बार फेसबुक के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित कर चुके हैं, जिसमें हजारों लोगों की समस्याओं को सुना और उनका निवारण किया। आज दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मंत्री ने फेसबुक लाईव पर राज्य की जनता से सीधा संवाद किया और बजट के लिए सुझाव मांगे, जिस पर 10,335 लोगों ने राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव मंत्री को दिये, जिसके लिए मंत्री ने सुझाव देने वालों को हार्दिक धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि उनके सुझावों पर अमल किया जायेगा। राज्य के सम्पूर्ण विकास के लिए जनता का पूर्ण सहयोग जरूरी है।
फेसबुक द्वारा जन संवाद कार्यक्रम में आने वाली शिकायतों को मंत्री ने गंभीरता से लिया एवं तत्काल अधिकारियों से फोन पर बात करके जन समस्याओं के निवारण हेतु उचित दिशानिर्देश दिये। जन संवाद में लोगों ने बजट को जनोन्मुखी बनाये जाने का सुझाव दिया। जनता ने मा0 मंत्री जी का ध्यान राज्य की मूलभूत समस्याओं की ओर जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बेरोजगारी, संचार, कृषि जैसी समस्याओं की ओर दिलाया, जिस पर मा0 मंत्रीजी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से हर संभव प्रयास किया जायेगा कि राज्य की मूलभूत समस्याओं का निवारण हो और अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंच सके।

आगामी वर्ष में बेरोजगारी को दूर करने के सम्बन्ध में मंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने का हर सम्भव प्रयास कर रही है, इसके लिए जल्दी ही रिक्त पदों पर भर्ती शुरू की जायेगी। रोजगार के हर संभव मार्ग तलाशे जा रहे हैं और सरकार के स्तर पर प्रयास किया जा रहा है कि राज्य में बेरोजगारी समाप्त हो और पलायन की गम्भीर समस्या से पहाड़ों को बचाया जा सके। सबको उचित शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसी मूलभूत जरूरतों की आपूर्ति की जा सके। मंत्री ने कहा कि लोगों ने चाहा है कि गांव के स्कूलों में शिक्षक हों, अस्पतालों में डाक्टर हों, खेती करने वालों की समस्यायें सुलझाई जाएं और गांव में ही रोजगार सजृन किया जाय। इन्हीं मुख्य बिन्दुओं को आधार बनाकर सरकार कार्य कर रही है और जल्दी ही बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

Related Articles

Back to top button