Wednesday , August 26 2026

उपमुख्यमंत्री ने ग्राम विकास अधिकारियों को दिए जिलेवार मुख्यमंत्री आवास योजना की सूची संकलित कर पारदर्शी आवंटन के सख्त निर्देश

केशव प्रसाद मौर्य  उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब तक लगभग 5 लाख परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन जीने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत लगभग 1.16 लाख नए पक्के मकानों की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। सभी जिलों में पात्र लाभार्थियों की जिलेवार सूची संकलित की जाए और पात्रता के आधार पर योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ दिया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के चयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव-गांव जाकर वास्तविक पात्र परिवारों का चिन्हांकन किया जाए तथा विशेष रूप से विधवा, दिव्यांग, आपदा एवं गंभीर बीमारी से प्रभावित और सामाजिक रूप से वंचित परिवारों की स्थिति का संवेदनशीलता के साथ आकलन किया जाए। पक्का मकान केवल एक भवन नहीं, बल्कि गरीब परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार है। डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के माध्यम से गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी स्तर पर आने वाली समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।