
साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा नाम बन चुके थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा फिल्म अभिनेता के फिल्मी करियर की आखिरी मूवी है, जिसके कारण फैंस में एक तरफ जहां भारी उत्साह और जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ यह उनके लिए बेहद इमोशनल पल भी है। देश भर के सिनेमाघरों के बाहर फैंस की लंबी कतारें और भारी भीड़ यह साबित कर रही है कि थलपति विजय का जादू पर्दे पर एक बार फिर सिर चढ़कर बोल रहा है। क्रिटिक्स और दर्शकों से मिल रहे धमाकेदार पॉजिटिव रिव्यूज के बीच हर कोई इसके पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को जानने के लिए बेताब है।
'जन नायकन' ने रिलीज के पहले दिन दोपहर 4 बजे तक कमाए इतने करोड़
रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर आंधी की तरह उतरी 'जन नायकन' ने अपनी जबरदस्त कमाई से हर किसी को हैरान कर दिया है। शुरुआती आंकड़ों और ट्रेंड को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह फिल्म विजय के करियर के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ने वाली है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के दिन दोपहर 4 बजे तक ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करते हुए 17.81 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। जिस रफ्तार से थिएटर्स में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है, उसे देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि रात तक फाइनल कलेक्शन के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले और ऐतिहासिक होने वाले हैं।
जानिए तमिल, तेलुगु और हिंदी में कैसा रहा फिल्मों का कारोबार
विजय की यह मेगा बजट फिल्म मुख्य रूप से तीन भाषाओं यानी तमिल, तेलुगु और हिंदी में बड़े पैमाने पर रिलीज की गई है। शुरुआती कारोबार के आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म का सबसे ज्यादा दबदबा इसकी मूल भाषा तमिल में देखने को मिला है। दोपहर 4 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, 'जन नायकन' ने जहां अकेले तमिल भाषा में 16.19 करोड़ रुपये का दमदार बिजनेस किया है, वहीं तेलुगु वर्जन से 89 लाख रुपये और हिंदी बेल्ट से शुरुआती घंटों में लगभग 73 हजार रुपये की कमाई दर्ज की गई है। लगभग 400 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म के स्टार कास्ट की बात करें तो थलपति विजय ने इसके लिए करीब 220 से 275 करोड़ रुपये तक की भारी फीस वसूली है, जो उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे महंगे अभिनेताओं की सूची में सबसे ऊपर रखती है। इसके अलावा फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, प्रियामणि और ममिता बैजू जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
UK News