बदौसा थाने में 161 के बयान देने आई 19 वर्षीय युवती की उसके पिता ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। युवती अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी, जिसे लेकर पिता नाराज था।
बांदा जिले में समाज में झूठी शान की बलि एक और युवती चढ़ गई। कत्ल के इरादे से पहुंचा था पिता। घर से बटनदार चाकू भी जेब में छिपाकर ले गया था। मौका देखकर उसने अपनी ही बेटी पर ताबड़तोड़ वार करके लहूलुहान कर दिए। इस घटना के पहले पुलिस उसे वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी कर रही थी। बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा ब गांव निवासी सत्यकुमार सिंह की चार बेटियां और दो बेटे हैं।
बेटे सूरत में रहकर दर्जी का काम करते हैं। एक बेटी शादीशुदा है। तीसरे नंबर की बेटी शिवानी (19) का पड़ोसी अनुसूचित जाति के संविदा लाइनमैन रामकृपाल के पुत्र ललित के साथ दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। दोनों परिवारों में इस मामले को लेकर झगड़ा तक हो चुका है। बीती 18 मई को देर रात शिवानी अपने प्रेमी ललित के साथ घर से गई थी।
प्रेमी के संग जाने और मंदिर में शादी करने का हवाला
मां रन्नो ने अगले दिन ही ललित के खिलाफ बदौसा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस प्रेमी युगल को थाने लाई थी। पुलिस ने आरोपी ललित को पूछताछ के बाद बालिग होने और शादी करने का हवाला देने पर छोड़ दिया था। शिवानी के शुक्रवार को थाने में माता-पिता की मौजूदगी में धारा 161 के तहत बयान लिए जा रहे थे। यहां युवती ने अपने प्रेमी के संग जाने और मंदिर में शादी करने का हवाला दिया।
पुलिस वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी करने में लग गई
युवती का कहना था कि जिस दिन वह गई थी, उसके 10 दिन बाद उसने प्रेमी के संग मंदिर में शादी कर ली थी। इस पर पुलिस उसे वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी करने में लग गई। इस बीच शिवानी का पिता जो पहले से अपने पैंट की जेब में चाकू छिपाए हुए था, उसने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बदौसा थाने के अंदर वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपी बोला- शिवानी की प्रेमी के साथ जाने की जिद में खोया आपा
इसके बाद आरोपी पिता ने बताया कि उसने बच्चों को बहुत प्यार से पाला था। शिवानी के इस कदम से उसे अंदर से तोड़ दिया था। उसने पूर्व में कई बार शिवानी को पड़ोसी प्रेमी से न मिलने की हिदायत दी थी लेकिन वह नहीं मानी और घर से चली गई थी। बिरादरी में उसकी थू-थू हो रही थी। इस पर उसने सहन किया, लेकिन थाने में जब शिवानी ने अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद की तो उसने अपना आपा खो दिया।
फॉरेंसिक टीम को मिला खून से सना चाकू
बांदा। बदौसा थाने में जहां वारदात हुई वह गैलरी है। थानाध्यक्ष के कमरे के ठीक बगल से गलियारा है। उसी में शिवानी कुर्सी में बैठकर वन स्टॉप सेंटर जाने की तैयारी में थी। उसके माता-पिता भी उसके पास ही खड़े थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से ही खून से सना चाकू भी बरामद हुआ है।
ये था पूरा मामला
बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज पिता ने थाने में मुंशियाने के बाहर बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। थाने में वारदात होने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने हांथ-पांव फूल गए। आननफानन में युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को पकड़ा है।
दोनों की तलाश में जुटी थी पुलिस
बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा-बी गांव निवासी 19 वर्षीय शिवानी 18 मई की रात प्रेमी ललित के साथ घर से चली गई थी। मामले में युवती की मां ने पड़ोसी गांव निवासी ललित के खिलाफ पुत्री को बहला कर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से दोनों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मध्य प्रदेश के सतना के बरौंधा क्षेत्र से दोनों को तलाशा और बदौसा थाने लाए। पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों के परिजन को भी सूचना देकर बुलाया गया।
चीख सुनकर पुलिसकर्मी दौड़ पड़े
इसी दौरान परिजन को युवती के प्रेमी से विवाह किए जाने की जानकारी हुई। थाने के गलियारे में युवती के पिता के काफी देर तक समझाने के बाद भी युवती ने प्रेमी के साथ रहने की बात कह रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसके पिता ने अचानक उस पर चाकू से ताबड़तोड़ चार वार कर दिए। तीन पेट में और एक हाथ में चाकू के वार से वह लहूलुहान हो गई। चीख सुनकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी दौड़ पड़े और किसी तरह से हमलावर पिता को दबोचा और घायल युवती को निजी वाहन से सीएचसी पहुंचाया।
आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवती की हालत गंभीर देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज पहुंचने से पहले ही युवती ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद युवती की मां रन्नो चौहान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता सत्यकुमार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
युवती की मां रन्नो की तहरीर पर आरोपी सत्यकुमार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। -पलाश बंसल, एसपी बांदा
UK News