Sunday , June 14 2026

महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना के लिए ₹4.96 करोड़ स्वीकृत, केशव प्रसाद मौर्य उप मुख्‍यमंत्री

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने महिला किसानों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना (एमकेएसपी) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु धनराशि की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

श्री मौर्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना के लिए जारी केंद्रीय अंशदान ₹297.50 लाख तथा राज्यांश ₹198.333 लाख सहित कुल ₹495.833 लाख (लगभग ₹4.96 करोड़) की धनराशि के व्यय के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस धनराशि के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अनुसूचित जाति वर्ग की महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए उनकी उत्पादकता बढ़ाने, आय संवर्धन करने तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे। परियोजना के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सामाजिक सशक्तिकरण को भी नई गति मिलेगी।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों एवं शासनादेशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा परियोजना का लाभ पात्र महिलाओं तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।