Monday , September 14 2026

माँ विंध्यवासिनी के आशीर्वाद से 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार : केशव प्रसाद मौर्य

आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य  ने मिर्जापुर स्थित पवित्र धाम विंध्याचल शक्तिपीठ मंदिर में माँ विंध्यवासिनी जी के दर्शन एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने माँ विंध्यवासिनी के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की जनता की सेवा करने की शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

माँ के आशीर्वाद से 2027 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार

पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य  ने कहा कि उन्हें माँ विंध्यवासिनी जी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने माँ के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व पूरी निष्ठा से निभाने के लिए आशीर्वाद मांगा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जिस प्रकार वर्ष 2014 से लेकर 2024 तक देश और प्रदेश पर माँ विंध्यवासिनी की कृपा रही है, उसी प्रकार 2027 में भी माँ के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गति इसी प्रकार निरंतर बनी रहेगी और उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।श्री मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा बिना किसी भेदभाव के की है। गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता का आशीर्वाद और समर्थन आगामी विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी एवं उसके सहयोगी दलों को प्राप्त होगा।