Saturday , August 1 2026

युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा ही विकसित भारत की नई पहचान बनेगी : उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज के. डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित विभिन्न ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों से भेंट की तथा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और डबल इंजन सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण, खेल अवसंरचना तथा अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि आज का भारत विश्व मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहा है। भारतीय खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं और उत्तर प्रदेश के युवा भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं कठोर परिश्रम के बल पर लगातार नई उपलब्धियां अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं में आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, अनुशासन, साहस और मानसिक दृढ़ता का विकास करते हैं तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं की खेल प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से देश एवं प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है, आधुनिक स्टेडियमों का निर्माण, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार, खेल अकादमियों को सुदृढ़ करना तथा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।