
प्रयागराज में आज उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गांवों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, स्वच्छता, पेयजल, आजीविका, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने पंच सम्मेलन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ें और विकास कार्यों की सतत निगरानी करते हुए गांवों को सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि पंचों की सक्रिय भागीदारी से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
केशव प्रसाद ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा देकर गांवों को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेश शुक्ल जी, मा0 विधायक श्री गुरु प्रसाद मौर्य जी, जनपद के समस्त ब्लॉक प्रमुखगण, क्षेत्र पंचायत सदस्यगण, जिला पंचायत सदस्यगण, मा0 जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्यजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पंचों ने ग्रामीण विकास, रोजगार, आजीविका संवर्धन तथा आत्मनिर्भर ग्राम व्यवस्था को मजबूत करने के संकल्प के साथ मा0 उप मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन को आत्मसात किया।
UK News