Thursday , April 2 2026

Bali Travel Update 2026: बाली जाने वाले पर्यटक ध्यान दें! अब कैश ले जाने का झंझट खत्म, इस नए पेमेंट सिस्टम से चुटकियों में होगा भुगतान

बाली (इंडोनेशिया): अगर आप अपनी अगली छुट्टियों में ‘आइलैंड ऑफ गॉड्स’ यानी बाली (Bali) घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है। विदेश यात्रा पर पर्यटकों को सबसे ज्यादा टेंशन ‘करेंसी एक्सचेंज’ (Currency Exchange) और ढेर सारा कैश साथ लेकर चलने की होती है। लेकिन, बाली प्रशासन ने अब इस परेशानी का एक हाई-टेक समाधान निकाल लिया है। 5G कनेक्टिविटी के तेजी से विस्तार के बीच, बाली में एक नया डिजिटल पेमेंट सिस्टम ‘QRIS’ तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस सिस्टम के लागू होने से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए शॉपिंग, डाइनिंग और ट्रैवलिंग का अनुभव पूरी तरह से बदल गया है।क्या है ‘QRIS’ सिस्टम और यह कैसे करता है काम?QRIS (Quick Response Code Indonesian Standard) एक अत्याधुनिक क्यूआर-कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली है। इसे आप भारत के UPI सिस्टम की तरह समझ सकते हैं। इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि विदेशी यात्री अपने स्मार्टफोन का उपयोग करके सीधे अपनी ‘घरेलू मुद्रा’ (Home Currency) में पेमेंट कर सकते हैं। जब आप स्कैन करके पेमेंट करते हैं, तो यह सिस्टम ऑटोमैटिक रूप से आपकी करेंसी को इंडोनेशियाई ‘रुपिया’ (Rupiah) में बदल देता है और पैसे सीधे व्यापारी के खाते में पहुंच जाते हैं। यानी अब न तो विदेशी मुद्रा बदलने के लिए लंबी लाइनों में लगने की जरूरत है और न ही खुल्ले पैसों की झिकझिक!इन देशों के पर्यटकों में मची होड़, लगातार बढ़ रहा है दायराबैंक इंडोनेशिया (BI) बाली के प्रमुख एरविन सोरियादिमादजा ने बताया कि इस स्मार्ट और कैशलेस सिस्टम को विदेशी पर्यटकों द्वारा हाथों-हाथ लिया जा रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो, मलेशिया से आने वाले पर्यटकों के सीमा पार QRIS लेनदेन में साल-दर-साल 196% का भारी उछाल आया है। इसके बाद थाईलैंड (183%) और सिंगापुर (156%) का नंबर आता है। पर्यटकों के समय और पैसे की बचत को देखते हुए, अब इस सेवा का विस्तार चीन और दक्षिण कोरिया के यात्रियों के लिए भी किया जा रहा है, जिसकी टेस्टिंग फिलहाल जारी है।छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े होटलों तक पहुंचा नेटवर्कबैंक बीपीडी (BPD) बाली के अध्यक्ष निदेशक आई न्योमन सुधर्मा के अनुसार, यह डिजिटल क्रांति ग्रामीण इलाकों के छोटे व्यापारियों को भी ग्लोबल टूरिस्ट्स से जोड़ रही है। साल 2025 में इस सिस्टम के जरिए 172 मिलियन (17.2 करोड़) ट्रांजेक्शन किए गए थे। 2026 के अंत तक बाली प्रशासन का लक्ष्य इस नेटवर्क से लगभग 11 लाख व्यापारियों (Merchants) को जोड़ने का है, ताकि गांव-कस्बों तक डिजिटल पेमेंट की पहुंच हो सके।ट्रैवल एक्सपर्ट्स की चेतावनी: पूरी तरह ‘कैशलेस’ होना पड़ सकता है भारी!भले ही QRIS सिस्टम ने बाली के मेन टूरिस्ट स्पॉट्स पर कैश की जरूरत खत्म कर दी है, लेकिन ट्रैवल एक्सपर्ट्स आज भी पर्यटकों को अपनी जेब में थोड़ा ‘कैश’ रखने की सख्त सलाह देते हैं। अगर आप शहर से दूर किसी अनजान झरने की सैर करने, नुक्कड़ की दुकान से कुछ खरीदने, गाड़ी की पार्किंग का किराया देने या किसी ड्राइवर-होटल स्टाफ को ‘टिप’ देने की सोच रहे हैं, तो वहां कैश ही काम आएगा। इसके अलावा, थोड़ा कैश साथ रखने से आप बाली में होने वाले कुख्यात ‘मनी एक्सचेंज स्कैम’ से भी खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।