Saturday , May 9 2026

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीर जवानों को दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर देश के समस्त वीर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति को कोटि-कोटि नमन किया है।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि पिछले वर्ष आज ही के दिन मां भारती के वीर सपूतों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्यवाही करते हुए सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर पूरी दुनिया को भारत की शक्ति, साहस और अटूट संकल्प का परिचय कराया था। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम, वीरता तथा मातृभूमि के प्रति सर्वाेच्च समर्पण का गौरवपूर्ण प्रतीक है। देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए हमारे जवानों का त्याग एवं समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री मा नरेन्द्र मोदी जी के कुशल एवं दृढ़ नेतृत्व में आज नया भारत आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। भारत अब हर आतंकी साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है तथा राष्ट्र की सुरक्षा, संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा हेतु हर आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश की सेना का पराक्रम और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय रहेगा।