मुंबई: वर्ष 2027 में नाशिक-त्र्यंबकेश्वर में सिंहस्थ कुंभ मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कुंभ मेले के आधिकारिक लोगो का अनावरण सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के हस्ते किया गया।
कुंभ मेला प्राधिकरण की ओर से लोगो डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में 3 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से चयनित तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्ते सम्मान किया गया।
पुणे के सुमित काटे, जिन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उन्हें 3 लाख रुपये का पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। नोएडा के मयंक नायक, जिन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, उन्हें 2 लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं पंढरपुर के पीयूष पिंपळनेरकर, जिन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त किया, उन्हें 1 लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इन प्रविष्टियों का परीक्षण प्रसिद्ध डिजाइन विशेषज्ञों की समिति द्वारा किया गया, जिसमें प्रसून जोशी, अश्वीनी देशपांडे, मंदार राणे, वृषाली केकणे (देशमुख), बारिश दाते, विनय नारंग, डॉ. प्राजक्ता बास्ते, प्रफुल्ल सावंत, डॉ. दिनेश वैद्य, एंथनी लोपेज तथा डॉ. किरण शिंदे शामिल थे। चयन प्रक्रिया रचनात्मकता, नवाचार, ब्रांड संगति और प्रस्तुतीकरण जैसे मानकों पर आधारित थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समिति के सदस्यों का भी सम्मान किया। प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कुंभ मेले की तैयारियों और लोगो प्रतियोगिता की जानकारी दी।
इस अवसर पर कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन, खाद्य एवं नागरी आपूर्ति मंत्री छगन भुजबळ, स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत, सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंह राजे भोसले, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, नाशिक विभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम, कुंभ मेला प्राधिकरण आयुक्त शेखर सिंह सहित विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत उपस्थित थे। मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्रियों ने उपस्थित साधु-संतों का स्वागत किया।
नाशिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला लोगो के बारे में यह लोगो नाशिक त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण, MyGov तथा असोसिएशन ऑफ डिझाइनर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रव्यापी डिजाइन प्रतियोगिता के माध्यम से चुना गया।
यह प्रतियोगिता 20 नवंबर से 20 दिसंबर 2025 के दौरान MyGov प्लेटफॉर्म पर आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में 70 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों सहित कुल 3,067 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।
प्रतिभागिता के मामले में महाराष्ट्र राज्य प्रथम स्थान पर रहा, जबकि उसके बाद दिल्ली और तमिलनाडु का स्थान रहा। 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने प्रतियोगिता में सबसे अधिक सक्रिय सहभागिता दर्ज की।
लोगो की विशेषताएं –
➡️ यह लोगो नाशिक और त्र्यंबकेश्वर की पवित्र भौगोलिक एवं धार्मिक परंपराओं पर आधारित है।
➡️ भगवान शिव का त्रिशूल: आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक।
➡️ त्र्यंबकेश्वर मंदिर: क्षेत्रीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक।
➡️ कालाराम मंदिर की कमान एवं गोदावरी नदी: गोदावरी नदी को शिवलिंग के स्वरूप में दर्शाया गया है, जो कुंभ मेले की पवित्र स्नान परंपरा के महत्व को रेखांकित करता है।
UK News
