Thursday , June 11 2026

धर्मेन्द्र प्रधान मुर्दाबाद, मोदी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए युवा कांग्रेस एवं छात्र संगठन के पदाधिकारियों विरोध प्रदर्शन किया

नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में अपरान्ह उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री अंकित तिवारी एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) मध्य जोन के अध्यक्ष श्री अनस रहमान जी के नेतृत्व में एकत्र होकर युवा कांग्रेस एवं छात्र संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला फूंका और भारतीय जनता पार्टी एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कथित मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए धर्मेन्द्र प्रधान मुर्दाबाद, मोदी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (मध्य जोन) के कार्य0 अध्यक्ष श्री अंकित तिवारी ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक ने देश के लाखों करोड़ों की संख्या में कड़े परिश्रम और ट्यूशन, कोचिंग करके दिन-रात मेहनत कर रहे छात्र/छात्राओं एवं अभिभावकों के विश्वास और उनके मनोबल को पूरी तरह से तोड़ने का काम किया है। भाजपा सरकार के संरक्षण में (NTA) लगातार परीक्षा आयोजन की सुदृढ़ व्यवस्था कराने में विफल साबित हो रही है, जिसके कारण देश के होनहार मेहनती छात्र/छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।

इस मौके पर युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में जो भाजपा की डबल इंजन की सरकार है वह अब डबल इंजन की सरकार नहीं बल्कि पेपर लीक उद्योग बन गया है। बीते 10 वर्षों में 80 से ज्यादा प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं चाहे वह पुलिस भर्ती हो, लेखपाल भर्ती हो या फिर अभी हाल ही में नीट परीक्षा का पेपर रहा हो, देश का युवा दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन भाजपा सरकार की भ्रष्ट व्यवस्था के कारण पेपर माफियाओं को खुला संरक्षण प्राप्त होने के कारण परीक्षा में केवल गड़बड़ी ही नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लगातार पेपर लीक होने से छात्र/छात्राओं तथा उनके अभिभावकों का अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य का सपना पूरी तरह से टूट चुका है।

इस मौके पर युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि यदि सरकार छात्रों के हितों के प्रति रक्षा करने में विफल रहती है तो आने वाले समय में यह संघर्ष और अधिक वृहद रूप लेगा। उन्होने मांग की है कि-NTA को तुरंत भंग किया जाए, केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें, नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जाँच हो, छात्रों को फ्री मेन्टल हेल्थ सपोर्ट मिले, प्रभावित छात्रों को फ्री लीगल ऐड दी जाए तथा पीड़ित परीक्षार्थियों को आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए। यदि सरकार छात्र और युवाओं के हितों में इन मांगों को नहीं मानेगी तो युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को विवश होंगे।

पुतला दहन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री दीपक पाण्डेय प्रिंस प्रकाश, प्रदेश जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अहमद रजा खान, प्रदेश सचिव मो0 नईम खान, गौरव शुक्ला, स्वप्निल चौरसिया, नीरज सिंह, आदि तमाम युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।