भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत (मेरा युवा भारत) में नियुक्त जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने 13 मई 2026 को सिरमौर जिले में अपना कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में युवा विकास, खेल गतिविधियों और जनजागरूकता अभियानों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अमृषा शर्मा युवाओं तक केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य करेंगी। उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक, संगठित और सशक्त बनाना रहेगा, ताकि वे राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
उनके नेतृत्व में जिले में नशा विरोधी अभियान, स्वयंसेवा कार्यक्रम, युवा जागरूकता अभियान, अंतर-जिला खेल प्रतियोगिताएं तथा युवा आदान-प्रदान कार्यक्रमों को विशेष रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं को भी सरकारी योजनाओं और गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
गौरतलब है कि अमृषा शर्मा को हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय की ओर से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था। कार्यक्रम में देशभर से चयनित अधिकारियों ने भाग लिया।
मंत्रालय के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम और विभिन्न युवा कल्याण योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें सामाजिक बदलाव का सहभागी बनाना है।
अमृषा शर्मा ने कहा कि वे सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाते हुए युवाओं के हित में कार्य करेंगी तथा युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
जिले के युवाओं और सामाजिक संगठनों ने उनके कार्यभार संभालने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में सिरमौर में युवा गतिविधियों और सामाजिक अभियानों को नई मजबूती मिलेगी।
UK News