
बकरीद के पावन अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के दौरान होने वाली भारी भीड़ और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने आज यानी 28 मई को शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में रूट डायवर्जन लागू किया है। यह नई यातायात व्यवस्था आज सुबह छह बजे से ही प्रभावी हो गई है और नमाज पूरी तरह संपन्न होने के आधे घंटे बाद तक लागू रहेगी। इस समयावधि के दौरान निर्धारित मार्गों पर भारी (कमर्शियल) और छोटे, सभी प्रकार के वाहनों के आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चौराहों पर पुलिस तैनात गोरखपुर के एसपी यातायात (SP Traffic) अमित श्रीवास्तव ने बताया कि नमाज के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। शहर के सभी प्रमुख चौराहों और नमाज स्थलों के आसपास भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। डायवर्जन वाले चिन्हित मार्गों पर किसी भी प्रकार के वाहन को प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। टैफिक पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे आज सुबह के समय असुविधा से बचने के लिए मुख्य मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें और ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। इन रास्तों पर वाहनों के जाने पर रहेगी पूरी रोक (प्रतिबंधित मार्ग) यदि आप आज सुबह के समय गोरखपुर शहर के भीतर यात्रा करने वाले हैं, तो नीचे दिए गए मार्गों की सूची को ध्यान से देखकर ही अपनी यात्रा प्लान करें: शाहमारूफ रास्ता: जामा मस्जिद घंटाघर की तरफ से जाने वाले शाहमारूफ रास्ते पर नमाज शुरू होने से लेकर समाप्ति तक सभी तरह के छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। घंटाघर मार्ग (अलहदादपुर की ओर से): अलहदादपुर की तरफ से घंटाघर की ओर रायगंज होते हुए जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों पर रोक रहेगी। नार्मल टैक्सी स्टैंड: नार्मल टैक्सी स्टैंड से घंटाघर की तरफ जाने वाले मार्ग पर किसी भी गाड़ी को जाने नहीं दिया जाएगा। रेती चौराहा: रेती चौराहा से घंटाघर की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन उक्त अवधि तक प्रतिबंधित रहेंगे। इलाहीबाग चौराहा: इलाहीबाग चौराहा से बहरामपुर बंधे की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी पूरी तरह से रोक लागू रहेगी। भारी वाहनों के लिए निर्देश: बर्फखाना की तरफ से आने वाले सभी भारी वाहनों को शहर की सीमा के भीतर आने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को लालडिग्गी बंधा मार्ग से होते हुए उनके गंतव्य की ओर डाइवर्ट किया जाएगा। अलीनगर और जटाशंकर मार्ग: अलीनगर चौराहा से हजारीपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को विजय चौराहा या तरंग टाकीज की ओर से निकाला जाएगा। इसके अलावा, जटाशंकर की तरफ से हजारीपुर की तरफ आने वाले वाहनों पर नमाज खत्म होने तक रोक रहेगी। टीपी नगर चौराहा: टीपी नगर चौराहा से नार्मल टैक्सी स्टैंड होते हुए तुर्कमानपुर, घंटाघर और घोष कंपनी की तरफ आने वाले वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। व्यवसायिक वाहन: तरंग ओवरब्रिज और गंगेज चौराहा से अलीनगर चौराहा की तरफ आने वाले सभी कमर्शियल (व्यवसायिक) वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
UK News