
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मिल रही मौसम की राहत अब पूरी तरह खत्म होने वाली है। बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के दौर के बाद अब एक बार फिर तपिश और चिलचिलाती धूप के दिन लौटने वाले हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के लोगों को सतर्क करते हुए पूर्वानुमान जताया है कि अगले पांच दिनों के भीतर पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में ४ से ६ डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रविवार से ही राज्य के ज्यादातर हिस्सों में पारा धीरे-धीरे चढ़ना शुरू हो जाएगा और सप्ताह के मध्य तक आते-आते लोग उमस और तीखी धूप से बेहाल होने लगेंगे।
९ से ११ जून के बीच 'लू' का तगड़ा अलर्ट
अगर आप आने वाले दिनों में किसी जरूरी काम से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतें। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलबार (९ जून) से लेकर गुरुवार (११ जून) के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तेज गर्म हवाएं यानी 'लू' (Heatwave) चलने की पूरी आशंका है।
शनिवार को भी राज्य के बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले, जहां लोग सुबह से ही तेज धूप से परेशान रहे। हालांकि, दूसरी तरफ पूर्वांचल और तराई से सटे कुछ जिलों में सुबह के समय हल्के बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के चलने से थोड़ी राहत जरूर महसूस की गई, लेकिन अब वहां भी मौसम पूरी तरह शुष्क होने जा रहा है।
शनिवार को झांसी रहा सबसे गर्म; जानें प्रमुख जिलों का हाल
शनिवार को बुंदेलखंड का झांसी शहर पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा तपा, जहां अधिकतम तापमान ४५.२ डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इसके अलावा बांदा, उरई, फतेहपुर और वाराणसी जैसे जिलों में भी सूरज की तपिश ने लोगों को घरों के अंदर रहने पर मजबूर कर दिया।
विभिन्न जिलों में दर्ज किए गए अधिकतम तापमान की स्थिति नीचे दी गई तालिका में देखी जा सकती है:
राजधानी लखनऊ में १० जून को चल सकते हैं लू के थपेड़े
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अब पूरे उत्तर प्रदेश में वायुमंडल से नमी कम होगी और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। इसका सीधा असर राजधानी लखनऊ पर भी देखने को मिलेगा। शनिवार को लखनऊ में तीखी धूप और उमस भरी हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
लखनऊ मौसम अपडेट
शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान ३८.४ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान २८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि ९ जून से यहां गर्म हवाओं की रफ़्तार बढ़ेगी और १० जून को लखनऊ में भीषण लू (Heatwave) चलने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में रातें भी काफी गर्म महसूस होने लगेंगी।
मौसम में आ रहे इस अचानक बदलाव को देखते हुए डॉक्टरों ने भी लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर १२ बजे से शाम ४ बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और बाहर निकलते समय सूती कपड़े व छाते का इस्तेमाल जरूर करें।
UK News