Monday , June 15 2026

केशव प्रसाद मौर्य ने मुरादाबाद में स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह, वोकल फॉर लोकल को दिया बढ़ावा

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, केशव प्रसाद मौर्य ने आज मुरादाबाद जनपद के भ्रमण के दौरान विभिन्न विकासात्मक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहभाग करते हुए प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

श्री मौर्य ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महिला उद्यमी द्वारा संचालित दुकान का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। महिला उद्यमियों की सफलता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और प्रदेश सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य किया है। मुरादाबाद अपने उत्कृष्ट पीतल उद्योग एवं हस्तशिल्प के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और प्रदेश सरकार इन उत्पादों के विपणन एवं निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विशेष परिस्थितियों में उनकी निष्ठा एवं समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में विकास, सुशासन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रोजगार सृजन के क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है।