
अक्षय कुमार की मच अवेटेड मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome To The Jungle) का क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। फिल्म के ट्रेलर की जबरदस्त सफलता के बाद, अब मेकर्स ने इसका नया गाना 'दीवाने हैं' (Deewane Hain) रिलीज कर दिया है। सोशल मीडिया पर खुद अक्षय कुमार ने इस सेलिब्रेशन एंथम को शेयर किया है, जिसमें फिल्म की पूरी स्टारकास्ट एक साथ मस्ती करती और नाचती हुई नजर आ रही है।
जश्न के माहौल में डूबी पूरी 'मंडली'
'दीवाने हैं' गाने के वीडियो को देखकर साफ पता चलता है कि फिल्म में कॉमेडी और मस्ती का भरपूर डोज मिलने वाला है। यह गाना पुराने बॉलीवुड के उन क्लासिक सेलिब्रेशन गानों की याद दिलाता है, जिनमें डांस से ज्यादा लोगों के साथ मिलकर खुशियां मनाने पर जोर होता था। रंग-बिरंगे विजुअल्स और फिल्म की बड़ी स्टारकास्ट के बीच का तालमेल दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। गाने में 'जंगल में केओस और केओस में सेलिब्रेशन' का जो मंत्र दिया गया है, वह फिल्म की पूरी थीम को बखूबी बयां करता है।
संगीत का जादू: आनंद राज आनंद और अमृता फडणवीस की जुगलबंदी
इस गाने को संगीत की दुनिया के दिग्गज आनंद राज आनंद और अमृता फडणवीस ने अपनी आवाज दी है। गाने के निर्माण के बारे में बात करते हुए आनंद राज आनंद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी रैंडम ट्रेंड को फॉलो करने के बजाय एक ऐसा धुन बनाना था, जिसे सुनते ही लोग कनेक्ट कर सकें। गाने की शुरुआत फियोनी शाह की मासूम आवाज से होती है, जो इसे और भी खास बनाती है। इसके अलावा, काव्या-कृति, जूही एम और साकेत बैरोलिया समेत कई कलाकारों की बैकिंग वोकल्स ने इसे एक परफेक्ट पार्टी एंथम का रूप दिया है।
कब रिलीज होगी 'वेलकम टू द जंगल'
अहमद खान द्वारा निर्देशित यह फिल्म पिछले काफी समय से अपनी रिलीज डेट में बदलाव को लेकर चर्चा में रही है। प्रशंसकों का लंबा इंतजार अब खत्म होने को है, क्योंकि फिल्म पूरी तरह से बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। यह मल्टी-स्टारर फिल्म आगामी 26 जून, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फैंस इसे साल की सबसे बड़ी कॉमेडी एंटरटेनर मान रहे हैं।
UK News