Wednesday , June 24 2026

गाजियाबाद में ट्रैफिक जाम का परमानेंट इलाज: ₹90.91 करोड़ से बनेगा नया आउटर रिंग रोड; एलिवेटेड रोड पर शुरू हुआ ‘रामसेतु द्वार’ का काम

दिल्ली-एनसीआर, खासकर गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के निवासियों और इस रूट से गुजरने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए एक बहुत ही शानदार और राहत भरी खबर है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) पूरे क्षेत्र को ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए मुक्त करने की एक मेगा योजना पर काम कर रहा है। जीडीए अगले महीने से 45 मीटर चौड़े आउटर रिंग रोड का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कराने की तैयारी में है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है। करीब 90.91 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार होने वाले इस आउटर रिंग रोड के बनने से दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच का सफर बेहद आसान और रफ्तार वाला हो जाएगा।

2 लाख की आबादी को मिलेगी रोज-रोज के नरकीय जाम से मुक्ति

मौजूदा समय में राजनगर एक्सटेंशन के भीतर 60 से ज्यादा बड़ी आवासीय सोसाइटियां हैं, जिनमें 2 लाख से भी अधिक लोग निवास करते हैं। इस पूरे वीआईपी क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहां अभी आने-जाने के लिए केवल एक ही मुख्य मार्ग है, जो जीटी रोड होते हुए एलिवेटेड रोड के जरिए दिल्ली-मेरठ रोड को आपस में जोड़ता है। इस इकलौते रास्ते पर गाड़ियों का सबसे ज्यादा दबाव रहता है क्योंकि गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन या एलिवेटेड रोड के रास्ते दिल्ली-नोएडा आने-जाने वाले सारे वाहन इसी संकरे मार्ग से गुजरते हैं। इसके चलते सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में यहां कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग जाता है। इसी सिरदर्द को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए जीडीए ने इस नए बाईपास विकल्प पर काम तेज किया है।

5.8 किमी लंबा होगा आउटर रिंग रोड, जगमगाएंगी ₹15 करोड़ की लाइट्स

जीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, यह नया आउटर रिंग रोड करीब 5.8 किलोमीटर लंबा और बेहद आधुनिक होगा। इसके पूरी तरह चालू होने के बाद गाड़ियां सिटी फॉरेस्ट के पास से बिना किसी चौराहे या बाधा के सीधे एनपीआर (नॉर्न पेरिफेरल रोड) की तरफ फर्राटा भर सकेंगी। इस आउटर रिंग रोड पर मुख्य हाईवे के साथ-साथ दोनों तरफ चौड़ी सर्विस लेन भी बनाई जाएगी। इसके अलावा मजबूत डिवाइडर और जलभराव को रोकने के लिए अत्याधुनिक सीवर सिस्टम का निर्माण होगा। रात के समय सड़क को खूबसूरत और सुरक्षित बनाने के लिहाज से यहां 15 करोड़ रुपये का अलग से बजट पास कर फैंसी और आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी।

हरनंदीपुरम, एयरोसिटी और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मिलेगा डायरेक्ट कनेक्शन

इस नए आउटर रिंग रोड का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक फायदा जीडीए की आने वाली बड़ी और महत्वाकांक्षी टाउनशिप योजनाओं को मिलने वाला है। यह रूट सीधे तौर पर हरनंदीपुरम और एयरोसिटी टाउनशिप के साथ-साथ गाजियाबाद में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को भी आपस में जोड़ेगा। इन सभी बड़े प्रोजेक्ट्स की बाउंड्री से गुजरता हुआ यह रोड सीधे एनपीआर में जाकर मिल जाएगा। इसका नतीजा यह होगा कि दिल्ली से मुरादनगर और मोदीनगर की तरफ जाने वाले भारी या हल्के वाहन मुख्य शहर के आंतरिक जाम में फंसे बिना, सीधे इसी बाईपास रूट का इस्तेमाल कर दिल्ली-मेरठ रोड पर आ-जा सकेंगे।

जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में आउटर रिंग रोड के प्रोजेक्ट को प्राथमिकता पर रखकर इसकी प्रशासनिक प्रक्रिया को तेज किया गया है। इसके लिए टेंडर निकाल दिया गया है। जैसे ही एजेंसी फाइनल होकर टेंडर की कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी, मौके पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

एलिवेटेड रोड पर 'रामसेतु द्वार' का निर्माण शुरू

आउटर रिंग रोड के इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ ही गाजियाबाद की लाइफलाइन और पहचान बन चुकी एलिवेटेड रोड को लेकर भी एक बड़ा और खूबसूरत अपडेट सामने आया है। अब ‘रामसेतु’ के नाम से मशहूर हो चुकी इस एलिवेटेड रोड की शुरुआत में गाजियाबाद नगर निगम ने एक भव्य ‘रामसेतु द्वार’ (स्वागत गेट) बनाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

नगर निगम ने एनएच-9 (NH-9) के पास जहां से यह एलिवेटेड रोड शुरू होती है, वहां गेट का मजबूत लोहे और कंक्रीट का ढांचा (स्ट्रक्चर) खड़ा कर दिया है। निगम के निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी ने बताया कि इस आकर्षक गेट को बनाने का काम अगले दो से तीन महीनों के भीतर पूरी तरह से संपन्न कर लिया जाएगा। बता दें कि जीडीए द्वारा बनाई गई यह एलिवेटेड रोड अब पूरी तरह से नगर निगम को देखरेख के लिए ट्रांसफर की जा चुकी है, जिसके बाद निगम इसकी स्पेशल मरम्मत, ब्यूटीफिकेशन, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर करने में जुटा हुआ है।