
चीन की कम्युनिस्ट सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले हस्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने या मौत होने की लिस्ट में अब एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। चीन की अर्थव्यवस्था और कैपिटल मार्केट पर बेहद बेबाक व स्वतंत्र राय रखने वाले 55 वर्षीय दिग्गज मैक्रो-इकोनॉमिस्ट गाओ शानवेन (Gao Shanwen) का निधन हो गया है। चीनी सरकारी मीडिया 'शंघाई सिक्योरिटीज न्यूज' के मुताबिक, उनकी मौत एक गंभीर बीमारी (कैंसर) के चलते हुई है। हालांकि, चीन में सरकार विरोधी सुर अलापने वालों के इतिहास को देखते हुए इस मौत को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चीनी सरकार के 5% GDP के दावों की निकाल दी थी हवा
गाओ शानवेन चीन के सबसे प्रभावशाली और प्रसिद्ध संस्थागत अर्थशास्त्रियों में से एक थे। वह सरकारी नियंत्रण वाले इन्वेस्टमेंट ग्रुप 'SDIC सिक्योरिटीज' के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री के रूप में कार्यरत थे। गाओ सबसे पहले साल 2024 के आखिर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तब सुर्खियों में आए, जब उन्होंने वाशिंगटन में 'पीटरसन इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल इकोनॉमिक्स' के एक मंच पर बीजिंग को सीधे चुनौती दे डाली थी। उन्होंने आधिकारिक आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि साल 2021 से 2023 के बीच चीन की वास्तविक औसतन GDP ग्रोथ सिर्फ 2 फीसदी के आसपास रही होगी, जबकि चीनी सरकार इसे बढ़ा-चढ़ाकर 5 फीसदी (लगभग 10% संचयी अंतर) बताती रही है।
युवाओं की बेरोजगारी पर खोला था मोर्चा, कहा- 'युवा बेजान हैं'
अपने दावों को साबित करने के लिए गाओ ने चीन के रोजगार, घरेलू खपत और गहरे रियल एस्टेट संकट के आंकड़ों में भारी हेरफेर का पर्दाफाश किया था। उन्होंने देश में युवाओं की रिकॉर्ड तोड़ बेरोजगारी पर गहरी चिंता जताते हुए एक विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि आज के चीन में "बुजुर्ग ऊर्जा से भरे हैं और सार्वजनिक जगहों पर नाच रहे हैं, जबकि देश का युवा बेजान हो चुका है और अपनी कमाई घटने के कारण अंधेरे में बैठकर नूडल्स खाने को मजबूर है।" उनके इस बयान ने शी जिनपिंग सरकार के उस नैरेटिव की धज्जियां उड़ा दी थीं, जिसमें दावा किया जा रहा था कि युवाओं की खपत से चीन की अर्थव्यवस्था महामारी के बाद तेजी से सुधर रही है।
बयान के बाद लगा बैन, नौकरी से भी धोना पड़ा था हाथ
बीजिंग के आधिकारिक आर्थिक डेटा को इस तरह सरेआम चुनौती देना चीन की सरकार को बिल्कुल रास नहीं आया। इस बयान के ठीक बाद चीनी प्रशासन ने उन पर सख्त कार्रवाई की। गाओ शानवेन के पब्लिक स्पीकिंग और मीडिया इंटरव्यूज पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स, ब्लॉग्स, वीडियो और आर्टिकल्स को चीनी इंटरनेट से पूरी तरह सेंसर या डिलीट कर दिया गया। 'सिक्योरिटीज एसोसिएशन ऑफ चाइना' ने उन्हें सरकार की नीतियों का केवल सकारात्मक प्रचार करने की सख्त हिदायत दी। इसके बाद साल 2025 के अंत में उन्हें उनकी नौकरी से भी बर्खास्त कर दिया गया और उनका हांगकांग इन्वेस्टमेंट एडवाइजर लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया।
सच बोलने वाले एक और चीनी चेहरे का अंत
चीन में लियू शियाओबो (Liu Xiaobo) और ली वांगयांग (Li Wangyang) जैसे कई मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और विचारकों की मौत पहले भी रहस्यमयी हालात में हो चुकी है। चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'वीबो' (Weibo) और 'श्याओहोंगशू' पर लोग गाओ शानवेन को नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। चीन के कड़े सेंसरशिप के बावजूद एक यूजर ने लिखा, "चीन में सच बोलने वाला आखिरी अर्थशास्त्री भी चला गया, अब यहाँ सिर्फ सरकार की झूठी तारीफ करने वाले 'आशावादी' चाटुकार ही बचे हैं।"
UK News