प्रदेश के आयुष राज्यमुत्री (स्वतंत्र प्रभार), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एमओएस) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ आज राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी एवं औषधि निर्माणशाला राजाजीपुरम लखनऊ के सभागार में प्रदेश के 09 मण्डल लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, अयोध्या, आजमगढ़, मिर्जापुर, बस्ती, गोरखपुर एवं प्रयागराज के अंतर्गत जिलों के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आयुष अस्पतालों में चिकित्सकों की कार्यस्थल पर उपस्थिति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाय।
डॉ. दयालु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता बनी रहे जहां पर दवाओं की कमी हो उनकी सूचना प्राथमिकता के आधार पर दें। ताकि दवाओं को तत्काल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आवश्यकता के अनुसार दवाइयां खरीदें, जिन दवाइयों, कामन हैं एवं उनकी मांग है उनकों प्राथमिकता के आधार पर खरीदें ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
आयुष मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक ओपीडी में आए मरीजों को बाहर की दवा न लिखें। उन्होंने प्रदेश के सभी आयुष चिकित्सालय (आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथ) में निरीक्षण करें, ताकि चिकित्सक बाहर की दवा न लिखने पाएं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में ओपीडी संख्या बढ़ाने का हरसम्भव प्रयास करें। जिससे कि गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों का उपचार सुचारू ढंग से किया जा सके। आयुष चिकित्सालयों में कैम्प लगाकर आमजनमानस को जागरूक कर मरीजों का उपचार करें।
डॉ. दयालु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अस्पतालों के निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध करायें। जिससे कि अस्पतालों को निर्माण कराया जा सके, ताकि आमजनमानस को इसका लाभ मिल सके।
प्रमुख सचिव आयुष श्री रंजन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों को पेंट कराकर ब्राण्डिग करायें। अस्पतालों में पंचकर्मा भी कराएं। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल तथा शौचालय आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
महानिदेशक आयुष श्रीमती चैत्रा वी. ने मा. मंत्री जी को विभाग के विषय में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने मा. मंत्री जी आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन कराया जायेगा।
बैठक में निदेशक आयुर्वेद डॉ. नारायण दास, निदेशक होम्योपैथ डॉ. पी.के. सिंह, यूनानी निदेशक प्रो. जमाल अख्तर सहित 09 मण्डलों के आयुष चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
UK News