खेल

हॉकी: भारत ने जापान को 6-0 से हराया

नई दिल्ली। चार देशों के हॉकी टूर्नमेंट में भारतीय टीम ने जीत के साथ जोरदार शुरुआत की है। ब्लैक पार्क में खेले गए मुकाबले में उसने जापान को एकतरफा 6-0 से हरा दिया। भारतीय टीम के लिए अपना पहला मैच खेलने वाले मिडफिल्डर विवेक प्रसाद और फॉरवर्ड दिलप्रीत ने 2-2 गोल किए, जबकि स्टार डिफेंडर रुपिंदर पाल सिंह और हरमनप्रीत के खाते में 1-1 गोल आया। जापानी टीम पूरे मैच के दौरान दबाव में दिखी और एक भी गोल नहीं कर सकी।पहले क्वार्टर में भारतीय टीम की ओर से दो गोल किए गए। पहला गोल स्टार डिफेंडर रुपिंदर पाल सिंह ने 7वें मिनट में किया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने जापान पर 1-0 की बढ़त ले ली। विपक्षी टीम वापसी करती इससे पहले ही डेब्यू मैच खेल रहे विवेक प्रसाद ने दूसरा गोल दाग दिया। यह मैच के 12वें मिनट में लगाया गया।
दूसरे क्वार्टर में जापानी टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति को भेद नहीं सकी। हाफ टाइम से लगभग 2 मिनट पहले विवेक प्रसाद ने एक और गोल लगाकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। तीसरे क्वॉर्टर में दिलप्रीत सिंह ने गोल लगाकर बढ़त 4-0 कर दी। यह गोल मैच के 35वें मिनट में लगाया गया। दिलप्रीत के करियर का यह पहला गोल रहा। टीम की ओर से 5वां गोल 41वें मिनट में हरमनप्रीत ने किया, जबकि छठा गोल दिलप्रीत ने मैच के 45वें मिनट में किया।

Related Articles

Back to top button