एजेंसी। उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास शुक्रवार अपराह्न एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीमों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, हादसे में हताहतों की स्थिति को लेकर शुरुआती तौर पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।
अधिकारियों के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बताया गया कि हेलीकॉप्टर जेपी पावर हाउस के नजदीक पहाड़ी से टकराने के बाद नीचे गिर गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर रवाना कर दी गईं। जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुट गईं।
इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
धामी ने कहा कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की।
UK News
