देश-विदेश

सामूहिक तटीय सफाई अभियान में 9 तटीय राज्यों के 45 से अधिक उपायुक्तों/जिला मजिस्ट्रेटों ने सक्रिय भाग लिया: डॉ जितेंद्र सिंह

केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी; राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पृथ्वी विज्ञान; राज्य मंत्री प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष, डॉ जितेंद्र सिंह ने आज मुंबई के जुहू बीच पर मुख्य कार्यक्रम में भाग लेकर देश भर में जारी समुद्र तट सफाई अभियान में देश का नेतृत्व किया।

इसी समय पर भारत के 7,500 किलोमीटर लंबी तटरेखा के सभी समुद्र-तटों पर एक साथ तटों और बीच की सफाई हुई, जिसमें लाखों स्वयंसेवकों ने “इंटरनेशनल कोस्टल क्लीनअप डे” ​​मनाने के लिए भाग लिया, जो हर सितंबर के तीसरे शनिवार को दुनिया भर में मनाया जाता है, संयोग से इस वर्ष ये दिन 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में  मनाए जाने वाले प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के साथ आया है।

जहां इस देशव्यापी अभियान में राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, फिल्मी कलाकारों, मशहूर हस्तियों और स्वयंसेवी संगठनों ने भाग लिया, वहीं जुहू बीच मुंबई में महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई और अलग अलग उम्र वर्ग के हजारों स्वयंसेवकों के साथ समुद्र तट की सफाई गतिविधियों में भाग लिया। भाजपा सांसद पूनम महाजन और कई मशहूर हस्तियों के साथ-साथ गैर सरकारी संगठन भी इस अभियान में शामिल हुए। इस अवसर पर बॉलीवुड के प्रमुख पार्श्व गायकों द्वारा गाया गया और इस मौके के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया एक वीडियो गीत भी पेश किया गया।

डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में 75 दिनों तक चलने वाला दुनिया का सबसे लंबा और सबसे बड़ा समुद्र तट सफाई अभियान आज समाप्त हुआ जिसमें देश के महत्वपूर्ण समुद्र तटों पर  राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, फिल्म और खेल जगत की मशहूर हस्तियों, नागरिक समाज संगठनों के द्वारा भारी उत्साह के साथ भाग लिया गया।

जुहू बीच पर बोलते हुए डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा, इस वर्ष इंटरनेशनल कोस्टल क्लीनअप डे  प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन जिसे “सेवा दिवस” ​​के रूप में मनाया जाता है, के साथ मनाया जा रहा है, जिसने स्वयंसेवकों के उत्साह को दोगुना कर दिया है और उन्होंने देश भर में सफाई अभियान के माध्यम से समुद्र तटों से 1,500 टन सिंगल यूज वाले प्लास्टिक कचरा हटाने के लक्ष्य को पार कर लिया है। माननीय मंत्री ने बताया कि एक लाख से अधिक स्वयंसेवकों ने अकेले ईको मित्रम एप पर पंजीकरण कराया है।

गोवा के राज्यपाल श्री पी.एस.श्रीधरन पिल्लई, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने दक्षिण और उत्तरी गोवा में समुद्र तट की सफाई अभियान में हिस्सा लिया, जिसमें हजारों युवा स्वयंसेवकों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई।

तेलंगाना की राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन युवाओं के पूरे दल के साथ पुडुचेरी समुद्र तट पर सफाई अभियान में पहुंची। मिजोरम के राज्यपाल डॉ के हरि बाबू ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम समुद्रतट पर अभियान का नेतृत्व किया, जबकि केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री श्री एल मुरुगन चेन्नई में इस अभियान में शामिल हुए। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री, श्री परशोत्तम रुपाला जाफराबाद, अमरेली में सफाई अभियान में शामिल हुए।

डॉ जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि 9 तटीय राज्यों के 45 से अधिक उपायुक्तों / जिलाधिकारियों ने आज के सामूहिक तटीय सफाई अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिसे 5 जुलाई, 2022 को केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि कलेक्टरों ने स्थानीय नागरिक सामाजिक संगठनों और स्कूली छात्रों का नेतृत्व किया  और “स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर” अभियान की शानदार सफलता के लिए एक वातावरण बनाने में मदद की।

माननीय मंत्री ने दोहराया कि प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता अभियान में अग्रणी भूमिका निभाई थी, जिसने पूरे देश को भारत की 7500 किलोमीटर लंबी तटीय रेखा को मानव जाति के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए प्रेरित किया।

डॉ जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से समर्थन के लिए प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को भी धन्यवाद दिया। माननीय प्रधानमंत्री ने भारत के तटों को साफ रखने पर जोर दिया है और मुंबई के जुहू बीच से कचरा हटाने के स्वयंसेवकों के प्रयासों की प्रशंसा की है। समुद्र तट की सफाई के बारे में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो का जवाब देते हुए, श्री मोदी ने ट्वीट किया, “प्रशंसनीय … मैं इस प्रयास में शामिल सभी लोगों की सराहना करता हूं। भारत के पास एक लंबी और खूबसूरत तटरेखा है और यह महत्वपूर्ण है कि हम अपने तटों को साफ रखने पर ध्यान दें। माननीय मंत्री ने कहा, “मुंबई के जुहू बीच पर एक क्लीनथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिक संगठनों ने भाग लिया।

डॉ जितेंद्र सिंह ने समुद्र तट सफाई अभियान में संपूर्ण सरकार और संपूर्ण देश के दृष्टिकोण की सराहना की और विशेष रूप से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, और संगठनों एवं संघों जैसे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय तटरक्षक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), सीमा जागरण मंच, एसएफडी, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि (पीएसजी)के साथ साथ सफाई अभियान में हिस्सा ले रहे अन्य सामाजिक संगठनों और शैक्षिक संस्थानों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

Related Articles

Back to top button