देश-विदेश

कोरोना की तीसरी लहर में कुछ सुधार के संकेत

नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना महामारी की तीसरी लहर में कुछ सुधार के संकेत मिलने लगे हैं। संक्रमण के नए मामलों में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई है। छह दिन बाद फिर नए मामले ढाई लाख के नीचे आए हैं। प्रमुख शहरों में भी मामलों में गिरावट जारी है। ओमिक्रोन के मामले बढ़कर नौ हजार के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, आज दिल्ली में पिछले 24 घंटों के अंदर 11,684 नए कोरोना के मामले सामने आए और 38 मौतें दर्ज की गई हैं। इस दौरान पाजिटिविटी रेट 22.47 प्रतिशत रही। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामले 78,112 हैं।

जानिए देश के प्रमुख राज्यों के कोरोना के मामले

 उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के अंदर कोरोना के 14,803 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 20,191 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,01,114 है। सोमवार को कोरोना संक्रमित लोगों में से 12 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने दी।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोविड के 6,149 नए मामले सामने आए हैं। यह सोमवार से 193 मामले ज्यादा हैं। आज मुंबई में कोविड से 7 मृत्यु हुई हैं। राज्य में 44,084 सक्रिय मामले हैं।

 केरल में मंगलवार को ओमिक्रोन के 63 मामले आए हैं। राज्य में ओमिक्रोन के कुल मामलों की संख्या 591 हो गई है।

 बिहार में पिछले 24 घंटों के अंदर कोरोना के 4551 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान राज्य में 3786 रिकवरी दर्ज की गई। बिहार में कोरोना के कुल सक्रिय मामले 33,883 हैं।

Related Articles

Back to top button