उत्तराखंड समाचार

गढ़वाल मंडल के लिए भाजपा का जन सुझाव रथ रावाना, प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया अबकी बार 60 पार का नारा

दून में बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के बाद प्रदेश भाजपा आगामी चुनाव की तैयारी में जुट गई है। प्रचार के साथ ही पार्टी क्षेत्रवार आम जन की थाह भी ले रही है। इसी के तहत गढ़वाल में भाजपा की ओर से जन सुझाव रथ रवाना किए गए हैं, जो जनता के सुझाव लेने के साथ ही सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार भी करेंगे।

शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर दून से विजय संकल्प रैली के लिए जन सुझाव रथ रवाना किए। घंटाघर के निकट स्थित पटेल पार्क से गढ़वाल मंडल के सभी 41 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक वाहन भेजा गया। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार ने लगभग एक लाख करोड़ रुपये की योजनाएं पिछले पांच वर्ष में उत्तराखंड को दी हैं। केंद्र की इन्हीं योजनाओं व प्रदेश सरकार की पिछले पांच वर्ष की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही वाहनों में प्रदेश के सभी वार्ड स्तर तक के भाजपा कार्यकर्त्‍ताओं व जनता के सुझाव लिए जाएंगे। जिसके बाद ही पार्टी अपना दृष्टि पत्र तैयार करेगी। इस अवसर पर विजय संकल्प यात्रा संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, महामंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन, अनिल गोयल, प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, विनोद सुयाल, विधायक खजान दास, देहरादून जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button