उत्तर प्रदेश

चुनाव में अखिलेश यादव का साथ देंगी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जानिए सपा नेता ने क्यों कही यह बात

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा कि बंगाल का विधानसभा चुनाव क्वार्टर फाइनल था, जहां भाजपा को हराया। अब 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सेमीफाइनल है और इसे भी हम जीत कर भाजपा के मंसूबों पर पानी फेरेंगे। प्रदेश में सपा के पक्ष में 2012 से भी ज्यादा माहौल है। सपा और भाजपा के मध्य ही लड़ाई होगी। फिर से सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में अपार बहुमत की सरकार बनाएगी। इसके बाद 2024 का फाइनल जीतकर भाजपा को केंद्र सरकार से भी बेदखल किया जाएगा। मंगलवार को सपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने सपा संगठन की समीक्षा बैठक करके जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, सपा युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव तथा सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के साथ जिला पंचायत आवास पर पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि भाजपा ने 2017 के चुनावी घोषणा पत्र के तहत एक भी कार्य नहीं किया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की डीपीआर अखिलेश यादव ने बनवाई थी। योगी सरकार ने इसमें कई तरह की सुविधाओं को समाप्त कर दिया है। 2017 में प्रदेश की जनता धोखा खा गई, लेकिन अब नहीं खाएगी। अभी तक 109 विधानसभा क्षेत्र के संगठन की समीक्षा कर ली है, इन सभी में सपा के उम्मीदवार भारी बहुमत से जीतेंगे। ममता देंगी सपा का साथ : सपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का कहना है कि बंगाल में टीएमसी का साथ सपा ने दिया था। उत्तर प्रदेश में टीएमसी सक्रिय नहीं है, फिर भी ममता बनर्जी सपा का साथ देंगी। भाजपा की जो दुर्गति बंगाल में हुई थी, उसी तरह यूपी में होगी।

Related Articles

Back to top button