देश-विदेश

ज्योति नगर थाने में भाजपा नेता पर दहेज प्रताड़ना का मामला हुआ दर्ज

दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाने में भाजपा नेता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल गौतम अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने के अलावा उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। मामले की कई बार पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस उनकी पत्नी कविता की सुनवाई नहीं कर रही थी। कई बार पीड़िता की पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया गया। अब पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग को इस संबंध में शिकायत दी। महिला आयोग के आदेश पर पुलिस ने राहुल गौतम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। ज्योति नगर थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता कविता परिवार के साथ ज्योति नगर एंक्लेव में रहती है। वर्ष 2012 में कविता की शादी राहुल गौतम से हुई थी। राहुल भाजपा नेता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही राहुल ने कविता को परेशान करना शुरू कर दिया था। शराब पीकर उनके साथ मारपीट की जाती थी। ससुराल वाले कविता पर दबाव बना रहे थे कि वह मायके से मोटी रकम लेकर आए। वर्ष 2018 में कविता चार लाख रुपये लेकर ससुराल आई। आरोप है कि इसके बाद तो ससुराल वालों की मांग और बढ़ गई। कई बार पीड़िता का गला दबाने की कोशिश की गई। परेशान होकर पीड़िता वर्ष 2019 में अपने मायके आ गई। यहां करीब 18 महीनें बिताने के बाद एक दिन राहुल उनको मनाकर ले गए। कुछ दिनों बाद दोबारा दहेज की मांग होने लगी। परेशान होकर पीड़िता ने इस बार पुलिस से शिकायत करने की ठानी।

कई बार राहुल की शिकायत की गई, लेकिन हर बार राहुल ने अपनी पहुंच की वजह से मामले को रफादफा करवा दिया। इसके बाद मामले की शिकायत महिला आयोग से की गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button