उत्तराखंड समाचार

दीपदान कर राष्ट्र रक्षा में शहीद जवानों को अर्पित की श्रद्धांजलि

विकासनगर  संस्कार भारती (सामाजिक व कला साहित्य संस्था) ने कल्याणपुर चौक पर दीपदान कर राष्ट्र रक्षा में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही प्रदूषण मुक्त दीपावली का संदेश दिया। संस्कार भारती के अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी ने कहा कि दीपावली पर दीये जरूर जलाएं। लेकिन, इस बात का भी ध्यान रखा जाना चाहिए किसी घर में अंधेरा न रहे। कहा कि इस दीपावली पटाखों का शोर-शराबा नहीं, बल्कि जवानों को मौन श्रद्धांजलि दें।

कहा कि इसके लिए इस दीवाली पर पटाखों से होने वाले प्रदूषण से राष्ट्र को मुक्त रखने का संकल्प लेना होगा। साथ ही कैंडल के बजाय मिट्टी के दिए जलाकर शांति व सद्भावना का संदेश दिया जाना चाहिए। संस्था के महासचिव आशीष शर्मा ने कहा कि पटाखों पर पैसा खर्च करने के बजाय गरीब बस्ती में बच्चों को उपहार वितरित किए जाने चाहिए। जिससे हर बच्चा उल्लासपूर्वक दीपावली का त्योहार मना सके। संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं ने दीपदान कर शहीदों को नमन करने के साथ ही शांति व सद्भाव से दीपावली मनाने का संदेश दिया। इस दौरान संतोष शर्मा, मधु शर्मा, संगीता शर्मा, ज्योति शर्मा, विमलेश त्यागी, जया शर्मा आदि मौजूद रहे।

ऋषिकेश दीपदान कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

वाइस फॉर इंडियन आर्मी सामाजिक संस्था की ओर से दीपावली पर एक दीया शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर नागरिकों ने दीपदान कर देश की सीमाओं पर शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

देहरादून में शहीदों की याद में भाजपा ने जलाए दीप

भाजपा श्रीदेव सुमन नगर मंडल ने राजपुर रोड पर शहीदों की याद में दीपोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर शहीदों की याद में दीप जलाए गए और सरहदों पर डटे वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई।

Related Articles

Back to top button