उत्तराखंड समाचार

पर्यावरण प्रहरी बनी युवाओं की टीम

हल्द्वानी : प्रदूषण नियंत्रण और दूषित होते पर्यावरण को बचाने के लिए युवाओं ने टीम बनाई। स्वयं पौधरोपण करने का संकल्प लिया और जन जागरूकता करने के लिए जगह-जगह अभियान चलाए। पिछले एक साल में विभिन्न स्थानों पर जाकर पौधरोपण किया। साथ ही स्कूलों में बच्चों को पर्यावरण का महत्व समझाया। इनमें से ज्यादातर युवा सरकारी व गैरसरकारी क्षेत्र में कार्यरत हैं, लेकिन पर्यावरण को बचाने के लिए सब एक साथ मिलकर काम करते हैं।

हल्द्वानी के एचएन इंटर कॉलेज से शिक्षा पूरी करने के बाद इन युवाओं ने पर्यावरण को बचाने के लिए काम करने की ठानी। इसके लिए युवाओं ने 2016 में पर्वतीय शिक्षा सभा संस्था का गठन किया। जिसका केवल एक ही मकसद रखा गया। लोगों को पर्यावरण की शिक्षा देना। संस्था के अध्यक्ष विनय मोहन पाठक बताते हैं कि शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से पर्यावरण को बचाया जा सकता है। इसलिए पहले तो हमने शहर के आसपास के क्षेत्रों एवं भीमताल, नैनीताल के स्कूलों में जाकर छात्रों को पर्यावरण के विषय में बताया। इसके बाद हर मानसून सीजन में 500 पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। एचएन इंटर कॉलेज में पचास पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। सिर्फ पौधे लगाकर ही धरा को हरा-भरा रखा जा सकता है। लोगों को इस बात को समझना होगा कि इसका और कोई विकल्प नहीं है।

संस्था के सचिव आशीष बिष्ट बताते हैं कि पर्यावरण से हमें सबकुछ मिलता है, लेकिन हम इसके बदले में पर्यावरण को कुछ देते नहीं हैं। सांस लेने के लिए पेड़-पौधों की जरूरत सबको होती है। पौधे लगाने के लिए किसी भी तरह का भारी-भरकम खर्च नहीं आता, लेकिन फिर भी लोग पौधे लगाने में दिलचस्पी नहीं लेते। यह किसी एक व्यक्ति व संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। जिस दिन लोग इस बात को समझ जाएंगे उस दिन पर्यावरण बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में मुकेश जोशी, अरुण पंत, हेम लोहनी, कमल बुधानी, अक्षय बिष्ट, धीरज, आशीष कुमार, अवनीश सिंह, पवन कार्की, अक्षय बिष्ट, कमल बिष्ट, कपिल अवस्थी सहित तमाम युवा जुड़े हैं जो पर्यावरण के लिए कुछ करना चाहते हैं। सभी अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

 

Related Articles

Back to top button