उत्तर प्रदेश

बिहार बोर्ड का का नया कारनामा, मेैट्रिक परीक्षा के मॉडल प्रश्नपत्र: को देख छात्रों के उड़े होश

पटना [जेएनएन]। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा बुधवार को वेबसाइट पर अपलोड हिंदी के मॉडल प्रश्न पत्र में गलतियों की भरमार है। कमोबेश हर प्रश्न में वाक्य विन्यास और शब्दों की वर्तनी में दोष है। 11 पेज के मॉडल पेपर में 10 पेज पर गंभीर अशुद्धियां हैं। 79 शब्द अशुद्ध लिखे गए हैं।

प्रथम पेज पर 13, दूसरे पर नौ, तीसरे पर 10, चौथे पर 12, पांचवें पर 18, छठे पर नौ, सातवें, आठवें, नौवें तथा 10वें पेज पर दो-दो अशुद्धियां हैं। सबसे ज्यादा गलती वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में है।

विकल्प में नाम तक गलत प्रिंट किए गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि मॉडल प्रश्न पत्र के प्रश्न संख्या 30, 35 और 39 सिलेबस से बाहर का बताया जा रहा है। बांगला का भी मॉडल प्रश्न पत्र अपलोड किया गया है।

मॉडल प्रश्न पत्र के पहले पृष्ठ पर सात वस्तुनिष्ठ प्रश्न दिए गए हैं। इनमें प्रश्न संख्या तीन छोड़ सभी में त्रुटि है। पहले पन्ने पर रामविलास शर्मा का नाम दो प्रश्नों के विकल्प में दिया गया है। दोनों में शर्मा को भार्मा लिखा गया है। राष्ट्रपिता का नाम महात्मा गॉंधी लिखा गया है।

हिंदी भाषा को भाशा लिखा गया है। पेज दो पर 10 वस्तुनिष्ठ प्रश्न हैं। इसमें शहनाई को भाहनाई लिखा गया है। गुरु को गुरू, राष्ट्रीयता को राश्ट्रीयता अंकित किया गया है। पेज चार पर राजस्थान को राज्यस्थान, शब्द शक्ति को भाव्द भाक्ति लिखा गया है।

प्रश्न संख्या 30 को शिक्षक सिलेबस से बाहर बता रहे हैं। प्रश्न संख्या पांच पर वाटिका, करुण, शांत, आंचल, निश्चित, विशेष जैसे शब्द अशुद्ध अंकित हैं।

बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि प्रश्न पत्र का फोंट मिस है। इस कारण कई शब्दों की वर्तनी में अशुद्धि है। प्रश्न पत्र का फोंट सुधार कर दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।

 

Related Articles

Back to top button