
अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा घोटाले का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. इस मुद्दे को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है. शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस कथित घोटाले के विरोध में मुंबई के दादर में एक विशाल 'राम रक्षा आंदोलन' का आयोजन किया. आंदोलन के दौरान उद्धव ठाकरे ने केंद्र और महाराष्ट्र की बीजेपी सरकार पर तीखे हमले किए. उन्होंने मंदिर के दान में हेराफेरी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि भगवान के घर में चोरी करने वालों को हिंदू समाज कभी माफ नहीं करेगा.
'हम पक्के हिंदू हैं, मूर्ख नहीं'
मुंबई में जुटे जनसैलाब को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने हिंदुत्व पर रुख साफ किया. उन्होंने कहा, "हम पक्के हिंदू हैं और दिल के भोले हैं, लेकिन मूर्ख बिल्कुल नहीं हैं." उन्होंने बीजेपी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदुत्व का मुखौटा पहनकर मंदिर को लूट रहे हैं. उद्धव ने याद दिलाया कि जब देश में राम मंदिर आंदोलन के दौरान शिला पूजन, रथ यात्रा और कार सेवा हो रही थी, तब शिवसैनिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. कई कार सेवकों ने अपना खून बहाया और जान गंवाई. उन्होंने कहा कि मुंबई दंगों और बम धमाकों के मुश्किल वक्त में सिर्फ बालासाहेब ठाकरे ही हिंदुओं की रक्षा के लिए ढाल बनकर खड़े हुए थे.
पीएम मोदी पर तीखा हमला
उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए बेहद तल्ख टिप्पणी की. उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसैनिकों और हिंदुओं की मेहनत की बदौलत जो लोग आज सत्ता के शीर्ष पर बैठे हैं, वही अब हिंदुत्व को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने 'अयोध्या तो झांकी है, काशी-मथुरा बाकी है' के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि न जाने ये लोग आगे क्या करेंगे. उद्धव ने कहा कि आज अवांछित लोग सत्ता का सुख भोग रहे हैं और आम हिंदू खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है.
SIT जांच को बताया दिखावा
राम मंदिर चढ़ावा विवाद की चल रही एसआईटी (SIT) जांच पर भी उद्धव ठाकरे ने गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने जांच की निष्पक्षता पर तंज कसते हुए कहा कि यह ऐसा है जैसे चोर से ही चोरी की जांच करने को कह दिया जाए. उन्होंने दावा किया कि इस जांच का नतीजा सिर्फ आरोपियों को क्लीन चिट देना होगा. उद्धव ने दोटूक कहा कि राम मंदिर में हेराफेरी करने वालों को 'राम' का नाम लेने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने देश के सभी हिंदुओं से एकजुट होकर राम रक्षा आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया.
UK News